राष्ट्रीय

सिद्धू मूसेवाला के करीबी पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV में कैद हुए तीन नकाबपोश बदमाश

Gulab Sidhu House Firing: पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के बरनाला स्थित घर पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने 5-6 राउंड फायरिंग की। CCTV में वारदात कैद हुई है। घटना के समय गुलाब सिद्धू ऑस्ट्रेलिया में थे।
2 min read
Sep 13, 2026
Gulab Sidhu house firing
सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग (Photo-Gulab Sidhu/Instagram And CCTV Screenshot)

बरनाला। पंजाब के मशहूर पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के बरनाला जिले के फरवाही गांव स्थित घर पर रविवार तड़के नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। तीन नकाबपोश युवकों ने घर के बाहर करीब 5-6 राउंड गोलियां चलाईं। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

बरनाला पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 1.33 बजे की है। CCTV फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश गुलाब सिद्धू के घर के बाहर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण भी घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।

घटना के समय घर पर नहीं थे गुलाब सिद्धू

फायरिंग के वक्त गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में हैं। बरनाला एसएसपी एमडी सरफराज आलम ने टीआईओ को बताया कि पुलिस को शनिवार देर रात गायक के घर के गेट पर फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसएसपी ने बताया कि गुलाब सिद्धू पहले भी कुछ गैंगस्टरों के निशाने पर रह चुके हैं। इसी वजह से पुलिस ने उन्हें दो सुरक्षाकर्मी भी उपलब्ध कराए थे। पुलिस अब पुराने विवादों और फायरिंग की घटना के बीच कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

सिद्धू मूसेवाला के करीबी रहे हैं गुलाब सिद्धू

गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी रैपर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला के करीबी रहे हैं। गुलाब सिद्धू के इंस्टाग्राम प्रोफाइल की डिस्प्ले तस्वीर पर जस्टिस फॉर सिद्धू मूसेवाला लिखा हुआ है। हाल ही में गुलाब सिद्धू का 'जुदा' नाम से गाना रिलीज हुआ था। इस गाने को दो महीने में करीब 74 लाख व्यूज मिल चुके हैं।

सरपंच को लेकर गाना गाने के बाद भी हुआ था विवाद

गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में फरवाही गांव के सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा ने गायक गुलाब सिद्धू को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। यह विवाद गुलाब द्वारा सरपंचों पर गाए गए एक गीत को लेकर हुआ था। उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरपंच समेत तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया था। पुलिस अब इस पुरानी रंजिश के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान और भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Updated on:
13 Sept 2026 01:24 pm
Published on:
13 Sept 2026 01:18 pm