राष्ट्रीय

‘आम आदमी पार्टी के सपने में मैं भूत बनकर आता हूं’, पंजाब चुनाव से पहले ‘आप’ पर राघव चड्ढा का तंज, ड्रग्स का भी उठाया मुद्दा

Aam Aadmi Party: बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी पर तंज कसा और ड्रग्स के मुद्दे पर निशाना साधा। वहीं अनुराग ढांडा ने दिल्ली की वोटर लिस्ट में उनका नाम जुड़ने पर सवाल उठाए हैं।
2 min read
Sep 10, 2026
Raghav Chadha news
राघव चड्ढा (फोटो-IANS)

Raghav Chadha: पंजाब चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी लगातार उनका नाम ले रही है। वहीं, पंजाब में ड्रग्स के मुद्दे को लेकर भी चड्ढा ने 'आप' सरकार पर निशाना साधा।

'AAP के सपनों में भूत बनकर आता हूं'

राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी और उनके वोट की बात आते ही पार्टी की चिंता बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उस स्थिति में पहुंच गई है, जहां मैं उनके सपनों में एक भूत बनकर आता हूं। वे दिन-रात 'राघव चड्ढा, राघव चड्ढा' का जाप करते रहते हैं। चड्ढा ने इसी दौरान 'आप' की तुलना ऐसी पूर्व प्रेमिका से की, जिसका साथी आगे बढ़ चुका है, लेकिन वह अभी भी उसी के बारे में सोचती रहती है। उन्होंने कहा कि उन्हें चिंता है कि कहीं पार्टी उनकी याद में ऐसा कदम न उठा ले, जैसा कोई ठुकराया हुआ प्रेमी उठाता है।

पंजाब में ड्रग्स को लेकर भी हमला

बीजेपी सांसद ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राज्य में ड्रग्स हासिल करने के लिए लगने वाली कतारें अब राशन की दुकानों के बाहर लगने वाली लाइनों जैसी दिखाई देने लगी हैं।

अनुराग ढांडा ने उठाया राघव चड्ढा के वोट का मुद्दा

इस बीच आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने दिल्ली की वोटर लिस्ट में राघव चड्ढा का नाम जुड़ने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। ढांडा ने चुनाव आयोग से इस मामले में जवाब मांगते हुए दावा किया कि चड्ढा ने 26 अगस्त को दिल्ली में वोट बनवाने के लिए फॉर्म-6 जमा किया था और 2 सितंबर तक उनका वोट अप्रूव होकर EPIC भी जनरेट हो गया। ढांडा ने इसकी तुलना एक आम नागरिक के मामले से करते हुए कहा कि एक व्यक्ति ने 5 अगस्त को फॉर्म-6 जमा किया था, लेकिन उसके मामले में अब तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) तक नियुक्त नहीं हुआ है। आप नेता ने सवाल उठाया कि दिल्ली में नया वोट बनवाने से पहले क्या राघव चड्ढा का पंजाब वाला वोट फॉर्म-8 के जरिए ट्रांसफर किया गया था या नहीं। उन्होंने चुनाव आयोग से इस प्रक्रिया को स्पष्ट करने की मांग की।

चुनाव से पहले बढ़ी सियासी तकरार

राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के नेताओं के बीच यह बयानबाजी ऐसे समय सामने आई है, जब पंजाब की राजनीति में चुनाव को लेकर माहौल गरमाने लगा है। एक तरफ चड्ढा लगातार 'आप' पर निशाना साध रहे हैं, तो दूसरी तरफ पार्टी के नेता उनके दिल्ली के वोट को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Updated on:
10 Sept 2026 06:59 pm
Published on:
10 Sept 2026 06:48 pm