
Punjab Election 2027: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारी तेज कर दी हैं। आगामी चुनावों को लेकर पार्टी ने चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए दो अहम समितियों का गठन किया है। खास बात यह है कि आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर BJP में शामिल हुए छह राज्य सभा सांसदों को इन समितियों में जगह दी गई है। AAP से BJP में आए राघव चड्ढा को घोषणापत्र समिति का सदस्य बनाया गया है। कभी पंजाब में AAP की चुनावी रणनीति को मजबूत करने वाले राघव चड्ढा अब उसी पार्टी के खिलाफ बीजेपी के लिए चुनावी वादे तैयार करने में भूमिका निभाएंगे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने घोषणापत्र समिति और आरोपपत्र समिति का गठन किया है। घोषणापत्र समिति का अविनाश राय खन्ना और आरोपपत्र समिति का सुनील जाखड़ को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पार्टी ने राघव चड्ढा के अलावा हरभजन सिंह को भी घोषणापत्र समिति में शामिल किया है।
वहीं अब सवाल सवाल उठता है कि आखिर राघव चड्ढा को घोषणापत्र समिति में शामिल करने के बाद बीजेपी क्या हासिल करना चाहती है? क्या उनके आने से पंजाब में बीजेपी की चुनावी जमीन मजबूत होगी? आइए समझते हैं इसके पीछे की पूरी सियासी रणनीति।
राघव चड्ढा पंजाब से राज्य सभा सांसद है। 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस चुनाव में AAP ने 117 में से 92 सीटें जीती थी। उन्हें आम आदमी पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में गिना जाता था। ऐसे में राघव चड्ढा के पास AAP की राजनीतिक कार्यशैली, चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जनता से संवाद करने के तरीकों का अनुभव है।
बीजेपी राघव चड्ढा के इस अनुभव का इस्तेमाल कर AAP की कमजोरी को समझने और उसके मुकाबले अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने में कर सकती है।
वहीं आम आदमी पार्टी के वोट बैंक में बीजेपी सेंध लगाने की कोशिश करेगी। राघव चड्ढा युवाओं में काफी लोकप्रिय है। वहीं AAP की राजनीति का आधार आम लोगों, युवाओं, किसानों और बदलाव की उम्मीद रखने वाले मतदाताओं के बीच उसकी लोकप्रियता रहा है।
बीजेपी राघव चड्ढा को आगे कर यह संदेश देने की कोशिश कर सकती है कि आम आदमी पार्टी के पुराने और अनुभवी नेता भी पार्टी से दूरी बना रहे हैं।
इससे बीजेपी को उन मतदाताओं तक पहुंच बनाने में मदद मिल सकती है, जो पहले AAP के समर्थक रहे हैं या उसकी राजनीति से प्रभावित होते रहे हैं।
विधानसभा चुनाव 2022 के बीजेपी ने महज तीन सीटों पर जीत हासिल की थी। दरअसल, तीन कृषि कानूनों को लेकर पंजाब के किसान बीजेपी से काफी नाराज थे। पार्टी को इसका परिणाम चुनाव में भी भुगतना पड़ा।
घोषणापत्र समिति में राघव चड्ढा को शामिल करने का एक फायदा यह भी है कि बीजेपी पंजाब की राजनीति और AAP के पुराने चुनावी वादों की तुलना करते हुए अपना घोषणापत्र तैयार कर सकती है।
दरअसल, प्रदेश में बेरोजगारी, नशे की समस्या, किसानों की आर्थिक स्थिति और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे अहम हैं। आगामी चुनावों को लेकर बीजेपी लगातार AAP पर नशे के मुद्दे को लेकर निशाना साध रही है।
बता दें कि बीजेपी ने अपने दोनों समितियों में AAP से आए 6 सांसदों को जगह दी है। वहीं घोषणापत्र समिति में राघव चड्ढा के साथ हरभजन सिंह को भी जगह दी है। वहीं AAP छोड़कर बीजेपी में आए सांसदों में शामिल विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल और संदीप पाठक को आरोपपत्र समिति में शामिल किया गया है। इससे साफ है कि बीजेपी पंजाब में नए चेहरों के साथ-साथ दूसरे दलों से आए नेताओं के अनुभव का भी इस्तेमाल करना चाहती है।
राघव चड्ढा जहां AAP की राजनीति और चुनावी रणनीति को समझते हैं, वहीं हरभजन सिंह की अपनी लोकप्रिय सार्वजनिक पहचान है। बीजेपी इन अलग-अलग पहचानों को एक साथ लाकर पंजाब में अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर सकती है।
विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी की जीत में संदीप पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका थी। संदीप पाठक ने ही AAP के लिए चुनावी रणनीति बनाई थी। ऐसे में अब बीजेपी दोनों नेताओं के राजनीतिक अनुभव को आगामी चुनाव में इस्तेमाल कर रही है।
हालांकि बीजेपी के पास प्रदेश में कोई बड़ा चेहरा भी नहीं है। यही वजह है कि पार्टी राघव चड्ढा और संदीप पाठक को आगे कर रही है।