
Rahul Gandhi on Form 6 Controversy: सोमवार को एसआईआर को लेकर चल रहे विवाद के बीच फॉर्म-6 को लेकर सुनवाई हुई। इस दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे संशोधित Form 6 को सुप्रीम कोर्ट ने मंजूरी नहीं दी है। सीजेआई की इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने सीईसी पर बीजेपी की मदद के लिए पद का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर अपने 1 अक्टूबर के ट्वीट को रिपोस्ट करते हुए लिखा- अब यह बात बिना किसी शक के साबित हो गई है कि ज्ञानेश कुमार ने गैर-कानूनी तरीके से और एकतरफ़ा तरीके से Form 6 में बदलाव किया।
राहुल गांधी ने कहा कि यह उनके द्वारा BJP की मदद करने के लिए अपने पद का गलत इस्तेमाल करने का एक और सबूत है। वह और हमारे लोकतंत्र पर इस आपराधिक हमले में शामिल हर कोई जवाबदेह होगा।
वहीं कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल में डालने की मांग की है। पार्टी ने पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार धोखेबाज है। 26 सितंबर को ज्ञानेश कुमार ने एक प्रेस नोट जारी किया, जिसमें कहा- फॉर्म-6 में बदलाव सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर किया गया। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि किसी भी संशोधित फॉर्म-6 को हमने मंजूरी नहीं दी है। ज्ञानेश कुमार पूरे देश में वोट चोरी को अंजाम दे रहा है और अब पकड़े जाने पर ऐसे फ्रॉड कर देश को गुमराह कर रहा है।
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि अगर जरा भी नैतिकता बची है, तो आज सुप्रीम कोर्ट की ओर से की गई टिप्पणियों के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हें अपने पद और कार्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए पद छोड़ देना चाहिए। अगर वे इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हम कल शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे।
उन्होंने कहा कि हम महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलेंगे और हमें पूरी उम्मीद है कि कल हमें उस स्थान तक जाने की अनुमति दी जाएगी। क्योंकि अगर सांसदों को ही खतरा माना जाने लगे, तो देश की स्थिति क्या है, यह कहना मुश्किल है। इसलिए मुझे पूरी उम्मीद है कि कल हमें आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।