राष्ट्रीय

‘ममता बनर्जी और नरेंद्र मोदी में है समानता, दोनों अमीरों को मदद करने वाले’, राहुल गांधी ने बंगाल में किया तीखा प्रहार

हुगली रैली में राहुल गांधी ने ममता बनर्जी और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें गरीबों की बजाय अमीरों के हित में काम कर रही हैं। साथ ही आरएसएस और उसकी विचारधारा पर भी सवाल उठाते हुए देश में नफरत और डर फैलाने का आरोप लगाया।

2 min read
Apr 25, 2026
Rahul Gandhi

Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में चुनाव का दूसरा चरण अभी बाकी है। चुनाव से पहले राजनीति गरमाई हुई है। इस बार वजह बने राहुल गांधी, जिन्होंने हुगली जिले में एक चुनावी सभा के दौरान न सिर्फ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आड़े हाथों लिया। श्रीरामपुर में लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने साफ शब्दों में कहा कि बंगाल में सरकार गरीबों के बजाय अमीरों को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यही पैटर्न पूरे देश में देखने को मिल रहा है। केंद्र सरकार भी आम जनता की बजाय चुनिंदा लोगों के हित में काम कर रही है। साथ ही राहुल गांधी ने बोला कि ममता बनर्जी और पीएम मोदी दोनों अमीरों के लिए काम करती है।

राहुल ने और क्या कहा?


राहुल गांधी का भाषण सिर्फ आर्थिक मुद्दों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रवाद पर भी सवाल उठाए। उनके शब्दों में, 'खुद को देशभक्त बताने वाले लोग देश को कमजोर कर रहे हैं।' उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां लोगों के बीच डर और नफरत का माहौल बनता है। सभा में उन्होंने वैचारिक लड़ाई की भी बात की। राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में दो सोच आमने-सामने खड़ी हैं। एक तरफ कांग्रेस की राजनीति है, जो एकता और भाईचारे की बात करती है। दूसरी तरफ भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा है, जिसे उन्होंने विभाजन और हिंसा से जोड़कर पेश किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना


इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके नेता राम माधव के हालिया बयान को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। अमेरिका के एक कार्यक्रम में दिए गए बयान का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इससे संघ की असली सोच सामने आ गई है। उन्होंने तंज कसते हुए संगठन को ‘राष्ट्रीय सरेंडर संघ’ तक कह दिया। राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे को उठाया। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी संघ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिखावटी राष्ट्रवाद के बावजूद, संगठन विदेशों में अपनी छवि बनाने की कोशिश में लगा रहता है।

Also Read
View All