
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की कोई समझ नहीं है। राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझता हूं, उतना ही यह स्पष्ट होता जाता है कि भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी हैं। उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की रत्ती भर भी समझ नहीं है।
राहुल गांधी ने एक्स पर एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती को अर्धनारीश्वर रूप में दर्शाया गया है। अर्धनारीश्वर हिंदू धर्म का एक स्वरूप है, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती एक ही शरीर में समाहित हैं। इसमें आधा हिस्सा पुरुष का और आधा हिस्सा स्त्री का है।
राहुल गांधी ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में भाजपा और आरएसएस के समर्थकों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि डर, गुस्से और नफरत ने उनके दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।
उन्होंने लिखा कि भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत का एक ऐसा जाल बुन गया है, जो उन्हें प्यार का अनुभव करने और उसे जाहिर करने से रोकता है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि एक सच्चे हिंदू के नाते मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करुं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्यार और अपनापन की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें। 'सत्यम शिवम सुंदरम'।
इससे पहले शनिवार को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा था। उन्होंने फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री के संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके बयान को केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता का 'कबूलनामा' बताया था।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से सवाल किया था कि सरकार ने टैक्स में कटौती की, इसके बावजूद कंपनियों ने कर्मचारियों का वेतन क्यों नहीं बढ़ाया और रोजगार के नए अवसर क्यों नहीं पैदा किए।
इस पर राहुल गांधी ने कहा था कि प्रधानमंत्री उद्योगपतियों पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि ये आरोप उनकी अपनी सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाते हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों ने एकाधिकार (मोनोपॉली) को बढ़ावा दिया है और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) जैसे रोजगार देने वाले क्षेत्रों को कमजोर किया है।