राष्ट्रीय

Punjab Politics: राहुल गांधी के ‘फेवरेट BJP नेता’ की क्या कांग्रेस में होगी वापसी? अमरिंदर सिंह को लेकर पंजाब में बढ़ी हलचल

Punjab Congress Crisis: पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के बीच राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा बीजेपी नेता बताया है। इसके बाद कैप्टन की कांग्रेस में वापसी और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में उनकी संभावित भूमिका को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं।
3 min read
Aug 07, 2026
Rahul Gandhi favorite BJP leader Captain Amarinder Singh
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Photo-IANS)

Punjab Politics: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के अंदर नेताओं में मतभेद सामने आ रहे है। पार्टी दो गुटों में बंट गई है। एक गुट प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और दूसरा गुट पूर्व सीएम और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का है। इसी बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ऐसा बयान दिया है, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। 

राहुल गांधी ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर आयोजित ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान अपने पसंदीदा बीजेपी नेता के नाम का खुलासा किया। कांग्रेस सांसद ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा बीजेपी नेता बताया।

इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पूछे गए सवाल के जवाब में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ अच्छी तरह घुल-मिल जाते हैं। कांग्रेस की ओर से ‘X’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह, निश्चित रूप से। मेरी उनसे अच्छी बनती है। वह कूल हैं।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि उन्हें अमरिंदर सिंह की सैन्य इतिहास पर पकड़ भी पसंद है। उन्होंने कहा, “और… वह सैन्य इतिहास के विशेषज्ञ हैं। वीडियो के अंत में राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में कहा- हैलो, अंकल अमरिंदर।

कौन हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह?

कैप्टन अमरिंदर सिंह पूर्व सैनिक, राजघराने से ताल्लुक रखने वाले नेता, सैन्य इतिहासकार और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कांग्रेस से अलग होने के बाद 2022 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया था।

2021 में कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया था। इसके बाद अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और अपनी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई। बाद में 2022 में उनकी पार्टी का बीजेपी में विलय हो गया।

अमरिंदर सिंह ने कई मौकों पर कहा है कि कांग्रेस द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने का तरीका उन्हें अब भी आहत करता है। हालांकि, अमरिंदर सिंह ने यह भी कहा था कि अगर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी उनसे मदद मांगती हैं तो वह उनकी मदद जरूर करेंगे, लेकिन यह मदद “राजनीतिक नहीं होगी।

क्या कैप्टन अमरिंदर की कांग्रेस में होगी वापसी

राहुल गांधी के इस वीडियो के बाद पंजाब में सियासी हलचल तेज हो गई है। अटकलें लगाई जा रही है कि पंजाब कांग्रेस के अंदर जारी गुटबाजी को खत्म करने के लिए अमरिंदर सिंह की वापसी हो सकती है। 

पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कई बार कह चुके है कि वे कांग्रेस को बहुत मिस करते हैं। उन्होंने बीजेपी के सिस्टम पर भी सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस एक परिवार की तरह है। मैं जब भी फोन करता था, वह मिल लेते थे। लेकिन बीजेपी में यह सिस्टम नहीं है। 

उन्होंने यह भी कहा था कि उनके चेचेरे भाई के निधन पर राहुल गांधी ने शोक संदेश भेजा था लेकिन बीजेपी की तरफ से किसी ने पूछा तक नहीं। 

क्या कैप्टन अमरिंदर सिंह पर दांव लगा सकती है कांग्रेस? 

बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने पंजाब में दो बार विधानसभा चुनाव जीता था। हालांकि 2021 में कैप्टन अमरिंदर और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच मतभेद को लेकर कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया था। पार्टी ने अमरिंदर सिंह को हटाकर दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया। लेकिन कांग्रेस का यह दांव विधानसभा चुनाव 2022 में उल्टा पड़ गया। 

कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं पार्टी महज 18 सीटों पर सिमट गई, जो कि कांग्रेस का खराब प्रदर्शन बताया जा रहा है। वहीं एक बार फिर चुनाव 2027 से पहले अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और चरणजीत सिंह चन्नी के बीच गुटबाजी को लेकर पार्टी फंस गई है। इसलिए अब अटकलें लगाई जा रही है कि राहुल कैप्टन की वापसी कराकर इस मतभेद को खत्म करना चाहते हैं। 

Updated on:
07 Aug 2026 01:04 pm
Published on:
07 Aug 2026 01:04 pm