Rahul Gandhi on India-US Trade Deal: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इस डील के नाम पर भारतीय किसानों के साथ विश्वासघात हो रहा है।
India-US Trade Deal: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका डील को लेकर केंद्र सरकार पर पांच सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हम भारत के किसानों के साथ विश्वासघात होते हुए देख रहे हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- अमेरिका ट्रेड डील के नाम पर हम भारत के किसानों के साथ विश्वासघात होते हुए देख रहे हैं। मैं सरकार से कुछ आसान सवाल पूछना चाहता हूं।
राहुल ने पहला यह सवाल किया कि डीडीजी इंपोर्ट करने का वास्तव में क्या मतलब है? क्या इसका मतलब यह है कि भारतीय मवेशियों को जीएम अमेरिकी मक्का से बने डिस्टिलर्स अनाज खिलाए जाएंगे? क्या इससे हमारे दूध उत्पाद प्रभावी रूप से अमेरिकी कृषि उद्योग पर निर्भर नहीं हो जाएंगे?
कांग्रेस नेता ने दूसरा सवाल किया कि अगर हम जीएम सोया तेल के आयात की अनुमति देते हैं, तो मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और देशभर के हमारे सोया किसानों का क्या होगा? वे एक और कीमतों का झटका कैसे झेल पाएंगे?
राहुल गांधी ने आगे पूछा- जब आप 'अतिरिक्त उत्पाद' कहते हैं, तो उसमें क्या-क्या शामिल है? क्या यह समय के साथ दाल और अन्य फसलों को अमेरिकी आयात के लिए खोलने के दबाव का संकेत है?
राहुल गांधी ने यह भी पूछा कि 'गैर-व्यापार बाधाएं' हटाने का क्या मतलब है? क्या भविष्य में भारत पर जीएम फसलों पर अपने रुख को ढीला करने, खरीद को कमजोर करने या एमएसपी और बोनस को कम करने का दबाव डाला जाएगा?
अपने आखिरी सवाल में राहुल ने पूछा- एक बार यह दरवाजा खुल गया, तो हर साल इसे और ज्यादा खुलने से हम कैसे रोकेंगे? क्या इसकी रोकथाम होगी या हर बार सौदे में धीरे-धीरे और भी फसलों को मेज पर रख दिया जाएगा?
सभी सवालों के बाद कांग्रेस सांसद ने लिखा- किसानों को ये जवाब तो मिलनी ही चाहिए। यह सिर्फ आज की बात नहीं है। ये भविष्य की भी बात है कि क्या हम किसी दूसरे देश को भारत के कृषि उद्योग पर लंबे समय की पकड़ बनाने दे रहे हैं।