राष्ट्रीय

लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह से राहुल गांधी-मल्लिकार्जुन खरगे ने बनाई दूरी, लगातार दूसरे साल क्यों रहे नदारद?

Rahul Gandhi and Mallikarjun Kharge skip Red Fort event: 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले के समारोह से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बनाई दूरी। लगातार दूसरे साल नदारद रहे। 2024 के सिटिंग अरेंजमेंट विवाद से लेकर अब तक की पूरी कहानी।
2 min read
Aug 15, 2026
Rahul Gandhi and Mallikarjun Kharge again skip 80th Independence Day
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी। (Photo - ANI)

Rahul Gandhi and Mallikarjun Kharge absent Independence Day Event: देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से देश को संबोधित किया, लेकिन इस मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अनुपस्थिति खासी चर्चा का विषय बन गई है। यह लगातार दूसरा मौका है, जब राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह से दूरी बनाई। हालांकि, इसे लेकर न तो कांग्रेस की तरफ से और न ही दोनों नेताओं की ओर से कोई स्पष्टीकरण जारी किया गया है।

यह तब है जब हाल ही में रक्षा सचिव आरके सिंह ने बताया था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा था, 'विपक्ष के नेता को आमंत्रित किया गया है। उनके बैठने की व्यवस्था वरीयता क्रम के मुताबिक होगी, जो कैबिनेट मंत्रियों के बाद आती है।'

साल 2024 में उठा था विवाद

साल 2024 में राहुल गांधी पहली बार नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचे थे। उस वक्त राहुल गांधी को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 5वीं पंक्ति में बैठाया गया था। इस पर कांग्रेस की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई थी। कांग्रेस ने उस वक्त सरकार को घेरते हुए इसे लोकतांत्रिक मानदंडों की अवहेलना बताया था और कहा था कि केंद्र सरकार नेता प्रतिपक्ष का सम्मान नहीं करती है।

हालांकि, इसे लेकर तब रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने स्पष्टीकरण दिया था। उनका कहना था कि विपक्ष के नेता को 5वीं पंक्ति में बैठाने की व्यवस्था इसलिए आवश्यक हो गई थी, क्योंकि पहली दो पंक्तियों के बाद चार ओलंपिक पदक विजेताओं और मंत्रियों को समायोजित करना था।

2025 में भी बनाई थी दूरी

साल 2024 में बैठने की व्यवस्था और कथित तौर पर गरिमा के हनन के विरोध में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने 2025 में लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह से भी दूरी बनाई थी। अब 2026 में भी राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की अनुपस्थिति से चर्चा शुरू हो गई है।

Updated on:
15 Aug 2026 11:30 am
Published on:
15 Aug 2026 10:39 am