
Rahul Gandhi on Student Protest: प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में विपक्षी सांसद सड़क पर उतरे हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि जब देश के छात्र सड़कों पर हैं तो विपक्ष भी उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी सांसद पहले इंडिया गेट और फिर 30 जनवरी मार्ग जाना चाहते थे। लेकिन रास्ते में उनकी बस रोक दी गई। राहुल गांधी का आरोप है कि बस का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर चला गया जिससे सांसद आगे नहीं बढ़ सके। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है और उन पर हो रही हिंसा का विरोध करता है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसद शांतिपूर्ण ढंग से गांधी स्मृति जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रास्ता रोक दिया। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज से डर गई है और इसी वजह से सांसदों को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि यदि देश के छात्र न्याय की मांग के लिए सड़क पर हैं तो विपक्ष का भी उनके साथ खड़ा होना जिम्मेदारी है।
गांधी स्मृति पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इसी स्थान पर महात्मा गांधी की हत्या हुई थी और आज देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ मारपीट की जा रही है और उनकी आवाज दबाई जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने और छात्रों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष छात्रों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी न्याय की मांग का समर्थन करता है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "भारत के छात्रों के साथ खड़े होने से हमें कोई नहीं रोक सकता।"
इससे पहले राहुल गांधी के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई थी। इसके बाद विपक्षी सांसद छात्रों के समर्थन में मार्च निकालने के लिए रवाना हुए। वहीं, NEET-UG पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच लगातार गतिरोध बना हुआ है।