राष्ट्रीय

स्पीकर ने सदन से हटाया प्रियंका गांधी का बयान तो राहुल ने नए शिक्षा मंत्री के खिलाफ खोल दिया मोर्चा

राहुल गांधी ने नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर हमला बोलते हुए कहा- बलात्कारियों को सुरक्षा देने वाले व्यक्ति को शिक्षा मंत्रालय सौंपना शर्मनाक है। प्रियंका गांधी के बयान को सदन से हटाए जाने के बाद राहुल ने सदन के बाहर मोर्चा खोल दिया।
2 min read
Jul 28, 2026
Parliament Monsoon Session
नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और राहुल गांधी। (फोटो- IANS)

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सदन में नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को बड़ा बयान दिया है। हालांकि, भारी नोकझोंक के बाद स्पीकर ओम बिरला ने प्रियंका के उस बयान को रिकॉर्ड से हटा दिया।

इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सदन के बाहर प्रियंका के उसी बयान दोहराकर शिक्षा मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

'जो व्यक्ति यह कहे कि बलात्कारियों को सुरक्षा की जरूरत है'

राहुल गांधी ने कहा- जब इतने सारे युवा शिक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध कर रहे थे, तब भाजपा ने एक ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जो बलात्कारियों का बचाव करता है।

नए शिक्षा मंत्री को टार्गेट करते हुए राहुल ने कहा- वह बेहद घटिया किस्म का इंसान हैं। जो व्यक्ति यह कहे कि बलात्कारियों को सुरक्षा की जरूरत है, उससे ज्यादा घटिया इंसान कोई नहीं हो सकता। आज भारत के शिक्षा मंत्री वही हैं।

'वह किसी को शिक्षा मंत्री बना सकते थे'

राहुल ने कहा- प्रधानमंत्री का यह रवैया अजीब है कि उनकी कैबिनेट में इतने सारे लोग हैं। वह उनमें से किसी को भी चुन सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसे व्यक्ति को चुना जो बलात्कारियों को बचाता है।

बता दें कि जब राहुल यह बात बोल रहे थे, तब प्रियंका गांधी भी उनके साथ मौजूद थीं। उन्होंने भी राहुल का समर्थन किया। प्रियंका ने कहा- यह लड़कियों और महिलाओं का अपमान है।

प्रियंका के बयान पर सदन में हंगामा

लोकसभा में प्रियंका ने खुलकर कहा कि नए शिक्षा मंत्री ने विवादित बयान देकर लड़कियों और महिलाओं का अपमान किया है, इस पर सदन में हंगामा शुरू हो गया। नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा- आप जो कह रही हैं, उसे साबित कीजिये। उन्होंने स्पीकर से इस संबंध में शिकायत भी की।

उधर, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी प्रह्लाद जोशी के समर्थन में खड़ा हो गए। उन्होंने कहा- बिना तथ्यों के किसी भी बात को रखने के लिए प्रियंका गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

रिजिजू ने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी ने जो कहा, हमारे नए शिक्षा मंत्री पर जो टिप्पणी की, वह चरित्र हनन है एक तरीके से. हम उम्मीद नहीं करते ऐसी बातों की। इसे रिकॉर्ड से हटाया जाए। इस पर प्रियंका ने कहा- मैं सबूत भी सबके सामने रखूंगी।

Updated on:
28 Jul 2026 06:18 pm
Published on:
28 Jul 2026 06:18 pm