
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी को डिबेट की चुनौती दिए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस मामले में जेडीयू की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आई है। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस मामले को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लागातार ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे लगता है कि वे काफी दवाब में हैं।
जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता राजीव रंजन ने आगे कहा कि कांग्रेस की मौजूदा स्थिति ऐसी है कि राहुल गांधी इससे उबर नहीं पा रहे है। उनके लिए यह मुश्किल हो रहा है। इस दौरान उन्होंने यूपी चुनाव को लेकर भी कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चाहे कितनी भी रैलियां कर लें, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और आपसी खींचतान की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने यूपी में कांग्रेस और सपा के गठबंधन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी के रुख का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सपा की स्थिति ने उनकी चिंताएं और बढ़ा दी हैं।
जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि यूपी में कांग्रेस काफी समय से अपनी राजनीतिक साख को बचाने की कोशिश कर रही है। लेकिन उसे हर बार निराशा का सामना करना पड़ता है। इस बार पार्टी के सामने परिस्थितियां और भी चुनौतीपूर्ण हैं।
जदयू प्रवक्ता के मुताबिक, राहुल गांधी इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब 'विदेशी ताकतों' और 'विदेशी सोशल मीडिया के दबाव' जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी को बहस की चुनौती देने के मामले में यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि वे संसद से क्यों भागते हैं? वे संसद के बाहर क्यों रहते हैं? चर्चा संसद के अंदर होती है या बाहर? जब विधानसभा और लोकसभा का सत्र चल रहा था, तब वे बाहर घूमते रहे। हर मुद्दे पर चर्चा सदन के अंदर होनी चाहिए। सदन का उद्देश्य ही बहस और चर्चा करना है।