
Rahul Gandhi On Sharad Pawar: परिसीमन बिल पर शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के संभावित समर्थन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर शरद पवार की पार्टी इस बिल का समर्थन करती है, तब भी INDIA ब्लॉक में उसकी स्थिति पहले जैसी ही रहेगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सवाल किया गया था कि यदि NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करती है, तो क्या INDIA ब्लॉक में शरद पवार की पार्टी की स्थिति बदल जाएगी? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि INDIA ब्लॉक में उनकी जो जगह है, वही रहेगी। अगर वे बिल का समर्थन करते हैं, तब भी ब्लॉक में उनकी स्थिति नहीं बदलेगी।
दरअसल, NCP (SP) विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा था कि शरद पवार से चर्चा के बाद पार्टी ने परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला लिया है। इस बयान के बाद विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक में पार्टी की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे थे। इसी बीच राहुल गांधी ने साफ किया कि बिल पर पार्टी का रुख कुछ भी हो, INDIA ब्लॉक में उसकी जगह पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करने के बदले अपनी सांसद सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दिलाने की कोशिश कर सकती है। इसके अलावा पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्री पदों की मांग भी की है।
हालांकि, सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने या महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद मिलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। NCP (SP) के महाराष्ट्र विधानसभा में 10 विधायक और लोकसभा में आठ सांसद हैं। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में शुरू होने वाला है। इसी सत्र में परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा और आगे की संसदीय प्रक्रिया होने की संभावना है। केंद्र सरकार ने कैबिनेट में लोकसभा और विधानसभा की सीटों में करीब 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को शुक्रवार को मंजूरी दी थी।