
Sonia Gandhi Book: राजीव गांधी की हत्या से करीब दो महीने पहले राहुल गांधी ने अपने पिता की सुरक्षा को लेकर मां सोनिया गांधी को आगाह किया था। उन्होंने कहा था कि अगर पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए लौटना पड़ सकता है। 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में हुए आत्मघाती बम धमाके में राजीव गांधी की जान चली गई। अब सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में उस भयावह रात का आंखों देखा हाल साझा किया है। उन्होंने बताया है कि प्रियंका गांधी ने किस तरह मां को संभाला और पिता की मौत की खबर मिलने पर राहुल गांधी ने क्या कहा था।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि राजीव गांधी की हत्या से करीब दो महीने पहले राहुल उनके साथ यात्रा पर थे। इसी दौरान उन्होंने पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। राहुल ने मां से कहा था कि अगर पापा की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वापस आना पड़ सकता है। 21 मई 1991 को राहुल की कही यह बात सोनिया गांधी के मन में फिर से गूंजने लगी। उस दिन तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी की चुनावी सभा के दौरान एक महिला आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर दिया। राजीव गांधी के साथ 14 अन्य लोगों की भी इस धमाके में मौत हो गई।
सोनिया गांधी ने किताब में राजीव गांधी की सुरक्षा व्यवस्था में हुए बदलावों का भी जिक्र किया है। उनके अनुसार, वीपी सिंह सरकार ने राजीव गांधी की सुरक्षा से स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप यानी SPG को हटा दिया था। उन्होंने लिखा है कि दिसंबर में हुई एक समिति की बैठक में यह तय किया गया था कि राजीव गांधी को SPG सुरक्षा मिलती रहनी चाहिए। इसे तभी बदला जाना था, जब नए खतरे के आकलन में इसकी जरूरत सामने आती। लेकिन सोनिया के मुताबिक, ऐसी कोई समीक्षा नहीं हुई और अगले ही महीने SPG सुरक्षा हटा दी गई। सोनिया ने बताया कि नजदीकी सुरक्षा देने के लिए प्रशिक्षित विशेष बल की जगह स्थानीय पुलिस को तैनात कर दिया गया था। उनके मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में यह बदलाव राजीव गांधी की हत्या से एक साल से कुछ ज्यादा समय पहले हुआ था।
सोनिया गांधी ने 21 मई 1991 की शाम को याद करते हुए बताया कि उस दिन सब कुछ सामान्य लग रहा था। प्रियंका अपने कमरे में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की तैयारी कर रही थी, जबकि राहुल अमेरिका में कॉलेज की पढ़ाई कर रहे थे। सोनिया अपने कमरे में किताब पढ़ रही थीं। तभी कुछ ही देर में प्रियंका उनके कमरे में पहुंचीं। सोनिया ने बताया कि, प्रियंका खुद को संभालने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उनकी तेज सांसें और बदला हुआ चेहरा किसी बड़ी अनहोनी का संकेत दे रहे थे।
प्रियंका ने उन्हें फोन आने, बम धमाके और कई लोगों की मौत के बारे में बताया। साथ ही मद्रास जाने के लिए तैयार होने को कहा। शुरुआत में सोनिया को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। लेकिन बेटी की आवाज में छिपे डर से उन्हें स्थिति की गंभीरता का अंदाजा होने लगा।
सोनिया गांधी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और अपने करीबी लोगों से संपर्क करना शुरू किया। वह लगातार यह जानने की कोशिश कर रही थीं कि राजीव के साथ आखिर क्या हुआ है। उन्होंने किताब में लिखा है कि एक समय वह प्रियंका की बाहों में टूटकर रोने लगी। वह बार-बार यही कह रही थीं कि उन्हें राजीव के साथ जाना चाहिए था। इसके बाद उन्होंने खुद एक करीबी व्यक्ति को फोन कर पूछा कि क्या यह खबर सच है। फोन पर उन्हें जवाब मिला कि हां, यह सच है और साहब अब नहीं रहे। सोनिया लिखती हैं कि यह सुनते ही उन्हें लगा जैसे उनकी पूरी दुनिया अंधेरे में डूब गई हो।
सोनिया गांधी ने बताया कि आखिरकार राहुल गांधी से संपर्क हो पाया। उस समय राहुल अमेरिका में थे। एक दोस्त ने उन्हें फोन कर सिर्फ इतना बताया कि एक बुरी खबर है। इस पर राहुल ने तुरंत पूछ लिया कि क्या पापा की मौत हो गई है? सोनिया ने लिखा है कि उन्होंने राहुल को कसकर पकड़ लिया। उन्हें इस बात का भी दुख था कि अगर राहुल के कार्यक्रम में कोई रुकावट नहीं आई होती, तो वह श्रीपेरंबदूर में अपने पिता के बिल्कुल पास होते।