राष्ट्रीय

फीकी पड़ रही सोनम रघुवंशी और उसके आशिक राज कुशवाहा की मोहब्बत, कत्ल के बाद खेल रहे ब्लेमगेम

Meghalaya Murder Mystery: राजा रघुवंशी की हत्या के बाद सोनम और प्रेमी राज एक-दूसरे पर हत्या की साजिश का ठीकरा फोड़ रहे हैं। सोनम दावा करते हुए कहती है कि वह पीड़ित है और उसका अपहरण किया गया था।
3 min read
Jun 12, 2025
Raja Raghuvanshi Murder Case
Raja murder case- (image-patrika)

Honeymoon Murder Case: इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड (Raja Raghuvanshi Murder Case) ने देशभर में सनसनी मचा दी है। इस मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी (Sonam Raghuvanshi) और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा (Raj Kushwaha) के बीच की प्रेम कहानी अब साजिश और विश्वासघात की दास्तान बन चुकी है। मेघालय में हनीमून के दौरान राजा की हत्या के बाद सोनम और राज एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल खेल रहे हैं, जिससे यह मामला और उलझ गया है।

हनीमून से हत्याकांड तक

11 मई 2025 को इंदौर में धूमधाम से हुई राजा और सोनम की शादी के बाद, दोनों 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए। सोनम ने ही शिलांग की टिकट बुक की थी, लेकिन वापसी का टिकट नहीं लिया था, जो बाद में साजिश का हिस्सा माना गया। 23 मई को दोनों सोहरा (चेरापूंजी) इलाके में ट्रेकिंग के लिए निकले, लेकिन उसी दिन दोनों लापता हो गए। 2 जून को राजा का शव वेईसावडॉन्ग झरने के पास एक खाई में मिला, जिसकी पहचान उनके हाथ पर बने 'राजा' टैटू से हुई। पोस्टमॉर्टम से पुष्टि हुई कि राजा की हत्या धारदार हथियार से की गई थी।

सोनम की साजिश और राज कुशवाहा का साथ

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सोनम का अपने पिता की प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करने वाले राज कुशवाहा से प्रेम संबंध था। राज, जो सोनम से 5 साल छोटा है, फैक्ट्री में सुपरवाइजर था और उसकी सैलरी मात्र 20,000 रुपये महीना थी। शादी के बाद भी सोनम और राज के बीच संबंध जारी रहे। पुलिस के मुताबिक, सोनम ने राजा को रास्ते से हटाने के लिए राज कुशवाहा के साथ मिलकर साजिश रची। इस साजिश में तीन सुपारी किलर विक्की ठाकुर, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी शामिल थे, जिन्हें मध्य प्रदेश से हायर किया गया था।

सोनम ने दिए 15,000 रुपए

23 मई को सोनम ने फोटोशूट के बहाने राजा को एक सुनसान पहाड़ी पर ले गई। वह जानबूझकर पीछे चल रही थी, जबकि तीनों सुपारी किलर राजा के साथ थे। जब हत्यारे थकने का बहाना बनाकर हत्या से पीछे हटने लगे, तो सोनम ने राजा के पर्स से 15,000 रुपये निकालकर उन्हें दिए और कहा, "मारना तो पड़ेगा।" उसने 20 लाख रुपये देने का वादा भी किया। इसके बाद सुपारी किलर्स ने गुवाहाटी से ऑनलाइन मंगवाए गए 'डाव' (छोटी कुल्हाड़ी) से राजा की हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया।

ब्लेमगेम और गिरफ्तारी

हत्या के बाद सोनम ने अपना फोन तोड़ दिया और वाराणसी होते हुए गाजीपुर पहुंची, जहां उसने 8 जून की रात एक ढाबे पर अपने परिवार से संपर्क किया। पुलिस ने फोन कॉल के आधार पर उसे गाजीपुर के नंदगंज थाने में गिरफ्तार कर लिया। राज कुशवाहा और तीनों सुपारी किलरों को भी इंदौर और आसपास के इलाकों से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में सोनम और राज एक-दूसरे पर हत्या की साजिश का ठीकरा फोड़ रहे हैं। सोनम ने दावा किया कि वह पीड़ित है और उसका अपहरण हुआ था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड्स और व्हाट्सएप चैट्स के आधार पर साबित किया कि वह साजिश की मास्टरमाइंड थी। शिलांग में SIT की पूछताछ के दौरान, सबूतों के सामने आने पर सोनम टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

सास ने किया खुलासा

हत्या से पहले 23 मई को दोपहर 1:30 बजे सोनम ने अपनी सास उमा रघुवंशी से फोन पर बात की थी। उसने बताया कि वह ग्यारस का व्रत रखे हुए है और जंगल में ट्रेकिंग कर रही है। उसने शिकायत की कि राजा ने ट्रेकिंग के लिए जोर दिया, जबकि वह थक गई थी। इस बातचीत का ऑडियो राजा के परिवार ने पुलिस और मीडिया के साथ साझा किया, जो अब इस मामले की सबसे मार्मिक कड़ी बन गया है।

पुलिस का 'ऑपरेशन हनीमून'

मेघालय पुलिस ने इस मामले को 'ऑपरेशन हनीमून' नाम दिया और सात दिनों के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीजीपी आई नोंगरंग ने बताया कि सोनम ने गाजीपुर में सरेंडर किया, जबकि अन्य तीन आरोपियों को इंदौर और एक को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया। पुलिस अब क्राइम सीन को रीक्रिएट करने की तैयारी कर रही है और जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरी जानकारी साझा करेगी।

फांसी की मांग

सोनम और राज की प्रेम कहानी, जो कभी फैक्ट्री में नजदीकियों से शुरू हुई थी, अब हत्या और धोखे की कहानी बन चुकी है। राजा के भाई सचिन ने इसे फिल्म 'हमराज' की साजिश से जोड़ा, जबकि उनकी मां ने सोनम और अन्य आरोपियों के लिए फांसी की मांग की है। दूसरी ओर, सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी अपनी बेटी को निर्दोष बताते हुए सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।

Updated on:
12 Jun 2025 12:55 pm
Published on:
12 Jun 2025 12:55 pm