
Amarinder Singh Raja Warring: पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा आज दे दिया है। वड़िंग ने गुरुवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पार्टी हाईकमान को पंजाब कांग्रेस से जुड़ी हर बात की जानकारी है और नेतृत्व जो भी फैसला करेगा, उसका पालन किया जाएगा। दिल्ली पहुंचने पर वड़िंग ने कहा कि अगर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ उनकी बैठक होती है तो वह इसकी जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहते और एक-दो दिन में विस्तार से बात करेंगे। पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर वड़िंग ने कहा कि हाईकमान को हर बात की जानकारी है। फैसला हाईकमान का है और वे जो भी तय करेंगे, उसका पालन किया जाएगा।
राजा वड़िंग ने गुरुवार को अपने X अकाउंट के बायो में बदलाव किया और खुद को 'पूर्व अध्यक्ष, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी' बताया। इसके बाद उनके पद से हटने की स्थिति स्पष्ट हो गई। वड़िंग ने बुधवार देर रात अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब संगठन में नेतृत्व परिवर्तन का फैसला किया था, जिसके बाद वड़िंग ने इस्तीफा दिया। वड़िंग अप्रैल 2022 में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में वह लुधियाना से सांसद चुने गए।
पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट की ओर से राज्य के नेताओं के साथ की गई बैठकों के बाद तेज हुई। पायलट ने अलग-अलग नेताओं से बातचीत के बाद पार्टी नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इसी रिपोर्ट के बाद वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला आगे बढ़ा। इससे पहले कांग्रेस ने भूपेश बघेल को पंजाब कांग्रेस प्रभारी के पद से हटाकर सचिन पायलट को जिम्मेदारी दी थी। इसके बाद पायलट ने पंजाब के अलग-अलग नेताओं के साथ बैठकें की थीं।
राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद अब पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर पार्टी में चर्चा शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक विजय इंदर सिंगला, परगट सिंह, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राणा केपी सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। हालांकि, कांग्रेस ने अभी नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।