
Rajendra Pal Gautam Interview: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्री अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार पर तीखे हमले किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संविधान और न्यायपालिका पर भरोसा नहीं करती, पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है और जनता को धर्म के नाम पर बांटकर रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों से भटका रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर भाजपा के दावों की 'हकीकत' बताएगी और राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सवाल पूछेगी कि जो राम के नहीं हुए, वे आमजन के कैसे होंगे। वहीं, इंडिया ब्लॉक को लेकर उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि गठबंधन हर हाल में कायम रहेगा और भाजपा को हराने के लिए सम्मानजनक तालमेल के साथ आगे बढ़ा जाएगा। गौतम ने यह बातें 'पत्रिका' से विशेष साक्षात्कार में कही।
सवाल: आपको ऐसे समय उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जब विधानसभा चुनाव में बहुत कम समय बचा है। आपके सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
गौतम: सबसे बड़ी चुनौती यह है कि भाजपा को जिस तरह मुख्यधारा के मीडिया का साथ मिलता है, विपक्ष को वैसा अवसर नहीं मिलता। इसलिए हमें अपने सोशल मीडिया और अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचना पड़ रहा है। जल्द ही उत्तर प्रदेश प्रदेश संगठन की घोषणा करेंगे। उसके बाद गांव-गांव चर्चा करेंगे कि सरकार ने क्या अच्छे काम किए और क्या नहीं किए। योगी सरकार की जो एक फर्जी छवि बनाई गई है, उसे भी जनता के सामने बेनकाब करेंगे। मुख्यधारा के मीडिया ने उस छवि को बनाने में मदद की है, जबकि सच्चाई यह है कि उन्होंने पुलिस को हत्यारा बना दिया है।