राष्ट्रीय

‘अपराधी की जाति’ वाले बयान पर रूडी बोले- तेजस्वी कभी-कभी ठीक बात बोल लेते हैं, आगे भी समझदारी दिखाएं

Bihar Politics: बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने तेजस्वी यादव के 'अपराधी की कोई जात नहीं होती' वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। रूडी ने कहा कि तेजस्वी ने इस मामले में सही बात कही है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई उनके राजनीतिक या सामाजिक पहचान के बजाय अपराध के आधार पर होनी चाहिए।
2 min read
Sep 22, 2026
Rajiv Pratap Rudy
भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी (फोटो- Rajiv Pratap Rudy FB )

Rajiv Pratap Rudy on Tejashwi Yadav: जमुई में एक नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी और मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद, बिहार में आरोपी की जाति को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच, बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के एक बयान पर प्रतिक्रिया दी। तेजस्वी की इस बात पर कि 'अपराधी की कोई जाति नहीं होती,' रूडी ने कहा कि तेजस्वी कभी-कभी बहुत ठीक बात कह देते हैं और उन्हें आगे भी इसी तरह समझदारी से बोलते रहना चाहिए और सरकार के एक्शन की सराहना करनी चाहिए।

बहुत दिनों बाद अच्छी बात सुनने को मिली: रूडी

पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब राजीव प्रताप रूडी से तेजस्वी यादव के बयान पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, "नहीं, ये तो कई बार सही बात कहते हैं। राजनीति में कभी-कभी अच्छी बात बोली जाए, तो वह अच्छा होता है। बहुत दिनों के बाद यह अच्छी बात सुनने को मिल रही है कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती।"

अपराधी की सिर्फ एक जाति होती है: रूडी

रूडी ने आगे कहा कि उनकी पार्टी और सरकार का भी मानना है कि अपराधी की सिर्फ एक ही जाति होती है कि वह केवल अपराधी है। कार्रवाई भी पूरी तरह अपराधी के अनुरूप ही होनी चाहिए। चाहे कोई राजनेता अपराध में शामिल हो, कोई आम नागरिक हो या फिर कोई आतंकवादी, कानून की नजर में अपराध करने वाली सभी लोगों की श्रेणी एक ही होती है।

सरकार की कार्रवाई की भी सराहना करें तेजस्वी: रूडी

तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए हुए बीजेपी सांसद रूडी ने कहा, "मैं समझता हूं कि वे कभी-कभी ठीक बात बोलते हैं, आगे भी इसी तरह की ठीक बात बोलते रहें और सरकार की कार्रवाई की सराहना भी करते रहें। बिहार सरकार अच्छी तरह जानती है कि अपराधियों से कैसे निपटना है, सम्राट चौधरी और NDA सरकार को इसकी अच्छी जानकारी है।" वहीं, एनकाउंटर को लेकर तेजस्वी यादव के बयान पर रूडी ने कहा कि अगर उनके पास ऐसे लोगों की कोई लिस्ट है, तो उन्हें वह सरकार को सौंप देनी चाहिए, सरकार फिर उस पर कार्रवाई करेगी।

तेजस्वी ने क्या कहा था?

जमुई एनकाउंटर के बाद जब सत्ताधारी पार्टियों के नेताओं ने मुख्य आरोपी की जाति को लेकर RJD और यादव समुदाय पर राजनीतिक हमले किए, तो विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। तेजस्वी यादव ने कहा कि अपराधी का न तो कोई धर्म होता है और न ही कोई जाति, अपराधी सिर्फ अपराधी होता है और उसके साथ कानून के मुताबिक ही बर्ताव किया जाना चाहिए। इसके अलावा, बिहार में अपराध के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि अगर एनकाउंटर ही सरकार का पैमाना है, तो सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण में काम कर रहे दूसरे कुख्यात अपराधियों और माफियाओं का भी एनकाउंटर में खात्मा किया जाना चाहिए।

Updated on:
22 Sept 2026 07:44 pm
Published on:
22 Sept 2026 07:44 pm