राष्ट्रीय

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार को घेरा, बोले- ‘सदन में जवाब दें पीएम मोदी’

Mallikarjun Kharge on PM Modi: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार को घेरते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले पर संसद में जवाब देने की मांग की है। उन्होंने मंदिर की संपत्तियों और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर भी सवाल उठाए।
2 min read
Aug 09, 2026
mallikarjun kharge on Ram Mandir donation controversy.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे। (Photo- IANS)

Ram Mandir Donation Scam: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में जवाब देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने यह मुद्दा जनता की ओर से उठाया है और प्रधानमंत्री को सदन में आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दावा किया कि मंदिर में रखे आभूषण, सोना, चांदी, नकदी और अन्य कीमती सामान के कथित तौर पर गायब होने का मामला गंभीर है। उन्होंने मंदिर के प्रबंधन से जुड़े ट्रस्ट की भूमिका और उसके गठन पर भी सवाल उठाए।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर के निर्माण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में भूमिका निभाई थी। ऐसे में कथित चोरी के आरोपों पर उन्हें संसद में जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा, 'हम मंदिर के अंदर रखी संपत्तियों की चोरी का मुद्दा उठाने वाले पहले लोग थे। हमने यह मुद्दा जनता की ओर से उठाया है।'

कांग्रेस नेता ने कथित तौर पर गायब हुए सामानों में आभूषण, चांदी, सोना, नकदी, सोने की ईंटें और सोने से बनी रामचरितमानस की पुस्तक का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर और भगवान राम में आस्था रखने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं इस तरह के आरोपों से प्रभावित हुई हैं।

संसद परिसर में SP सांसदों ने किया था प्रदर्शन

इससे पहले समाजवादी पार्टी के कई सांसदों ने संसद परिसर में राम मंदिर में चंदे की कथित हेराफेरी को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। सांसदों ने 'चंदा चोर, गद्दी छोड़' जैसे नारे लिखे पोस्टर भी प्रदर्शित किए। यह विवाद राम मंदिर में मिले दान की राशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं और गबन के आरोपों से जुड़ा है।

जांच के लिए नई SIT गठित

मामले में 27 जुलाई को उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि उसके निर्देशों के अनुपालन में अयोध्या के राम मंदिर में दान की राशि के कथित गबन की जांच के लिए नई विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। इस SIT की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (IGP) किरण एस. कर रही हैं। अब तक इस मामले में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसियां कथित धन के पूरे लेन-देन का पता लगाने के साथ-साथ अन्य संपत्तियों और संभावित लाभार्थियों की पहचान करने में जुटी हैं।

Updated on:
09 Aug 2026 02:23 pm
Published on:
09 Aug 2026 02:23 pm