
Gujarat Assembly Elections 2027: गुजरात में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला दो दिन के अहमदाबाद दौरे पर हैं। इस दौरान वे पार्टी के नेताओं, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। सुरजेवाला बुधवार को अहमदाबाद स्थित राजीव गांधी भवन पहुंचे, जहां कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक हुई।
इसमें प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेश के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में संगठन की स्थिति, जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। कांग्रेस ने महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर जनआंदोलन की तैयारी भी शुरू की है। बैठक में इस बात पर विचार किया गया कि इन मुद्दों को लेकर किस तरह के आंदोलन और कार्यक्रम किए जाएं। पार्टी का लक्ष्य विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर अपनी स्थिति का आकलन करना है। सुरजेवाला 19 नवंबर को शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद पूर्व विधायकों के साथ भी चर्चा होगी। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी चुनाव की रणनीति और पार्टी के कार्यक्रमों पर विचार किया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि दो दिन तक विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और प्रदेश के नेताओं के साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी। गुजरात और यहां के ऐसे मुद्दों पर भी बात होगी, जो देश को प्रभावित करते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोरबी से लेकर सूरत और अहमदाबाद तक लोग परेशान हैं। किसान और श्रमिक अपनी समस्याएं बताने के बाद भी खून के आंसू रो रहे हैं। महंगाई के कारण गृहिणियों और आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। दाल, घी, दूध, पनीर सहित खाने-पीने की कई चीजों के दाम 25 से 40 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
सुरजेवाला ने दावा किया कि पेट्रोलियम कंपनियों को 35 हजार करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। आम नागरिकों की जेब पर बोझ डालकर यह मुनाफा कमाया गया है। परिवहन का खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, गृहिणियों और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस व्यापक रणनीति तैयार करेगी। अर्थव्यवस्था पर बढ़ते दबाव और आम लोगों की परेशानियों को देखते हुए पार्टी अपनी जिम्मेदारी निभाएगी। अगले दो दिनों की बैठकों में तैयार होने वाली रूपरेखा के आधार पर कांग्रेस आने वाले दिनों में कार्यक्रम चलाएगी।