
Ravneet Singh Bittu Cavalcade Attacked: पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा शुरू होने से पहले पार्टी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने काफिले पर हमले का आरोप लगाया है। बिट्टू ने दावा किया कि पठानकोट जाते समय उनके काफिले को निशाना बनाया गया। उन्होंने आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों पर भी आरोप लगाए हैं।
रवनीत बिट्टू ने कहा कि उनकी सुरक्षा टीम ने तीन लोगों को पकड़ा है। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों का संबंध आम आदमी पार्टी से है। बिट्टू ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक शेरी ने इन लोगों को उनकी यात्रा रोकने के लिए भेजा था।
बिट्टू ने इस घटना को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा के लिए चिंता की बात हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से मामले की तुरंत जांच कराने की मांग की है। बिट्टू ने कहा कि अगर उन्हें कुछ होता है तो पंजाब के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक उनकी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होंगे। उन्होंने सरकार से राजनीतिक कार्यकर्ताओं और नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा शुक्रवार से पठानकोट से शुरू हो रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इसे रवाना करेंगे। यह यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी। करीब 4,000 किलोमीटर की यात्रा 30 सितंबर को जालंधर में खत्म होगी। समापन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है।
नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी पंजाब में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे की समस्या से बाहर निकालने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में राजनीतिक दलों ने नशे के मुद्दे का इस्तेमाल सत्ता हासिल करने के लिए किया। बाद में इसी समस्या को कम करने के बजाय नशे के कारोबार को बढ़ने दिया गया।
नबीन ने कहा कि भाजपा अब नशे के खिलाफ अभियान चलाएगी। पार्टी इस यात्रा में उन परिवारों को भी साथ लेकर चलेगी, जिन्होंने नशे के कारण अपने लोगों को खोया है।