BJP State President Dilip Saikia: बीजेपी स्टेट प्रेसिडेंट दिलीप सैकिया ने कहा कि डोल उत्सव के बाद पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। इनमें कौन-कौन शामिल होंगे, इस पर भी उन्होंने बात की है। पढ़ें पूरी खबर...
Assam Elections 2026: असम बीजेपी अध्यक्ष व लोकसभा सांसद दिलीप सैकिया ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान होली के बाद होगा। नलबाड़ी में पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे रही है और जल्द ही उपयुक्त समय पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की उम्मीदवारों की सूची डोल उत्सव के बाद चरणबद्ध तरीके से घोषित की जाएगी।
दिलीप सैकिया ने कहा कि परिचित और भरोसेमंद चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। जो चेहरे लोग पहले से देख और पहचान रहे हैं, उन्हें चुनावी सूची में प्राथमिकता दी जाएगी। जिससे यह स्पष्ट होता है कि टिकट वितरण में निरंतरता और जमीनी संपर्क को अहम माना जाएगा।
नलबाड़ी में मंडल भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए सैकिया ने संगठनात्मक एकता, बूथ स्तर पर तैयारियों और जनता तक निरंतर संपर्क की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त है, क्योंकि पार्टी ने केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर सुशासन और विकास कार्य किए हैं। दिलीप सैकिया ने कहा कि पार्टी जनता से सीधे जुड़ने और स्थानीय आकांक्षाओं को पूरा करने पर केंद्रित है।
राज्य भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए प्रयास तेज करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि अनुशासित संगठन और समन्वय पार्टी की चुनावी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भाजपा असम में अपने संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने में सक्रिय रही है, जिसमें वरिष्ठ नेता जिलों का दौरा कर पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन कर रहे हैं।