Awaous Motla Fish Found in Odisha: ओडिशा राज्य की महानदी में मछली की एक नई प्रजाति मिली है। इसका नाम ‘अवौस मोटला’ है और यह रोहू, कतला के मुकाबले तीन गुने ज्यादा दर से बेची जा रही है।
New Species of fish Found in Odisha: ओडिशा की महानदी में वैज्ञानिकों ने मछली की नई प्रजाति की खोज की है। इसका नाम ‘अवौस मोटला’ रखा गया। ओडिशा सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से चलाई गई अनुसंधान परियोजना के दौरान यह खोज की गई। बेरहामपुर विश्वविद्यालय के जीव विज्ञान विभाग के प्रमुख अन्वेषक प्रोफेसर जय किशोर सेठ ने बताया कि यह मछली पश्चिमी ओडिशा के बाजारों में बिक रही है। मछुआरे ताजी मछली को 600 रुपए प्रति किलो और सूखने पर 800 रुपए प्रति किलो की दर से बेचते हैं। नई प्रजाति का विवरण जर्नल ऑफ फिश बायोलॉजी के ऑनलाइन संस्करण में प्रकाशित किया गया।
सरकारी परियोजना के तहत की गई खोज
वैज्ञानिकों के एक समूह ने पाया है कि पश्चिमी ओडिशा के बाजारों में बिक रही ताजा पानी की खाने योग्य मछली वास्तव में एक अपंजीकृत प्रजाति है। बेरहामपुर विश्वविद्यालय के जीवविज्ञान विभाग और गोपालपुर की भारतीय प्राणी सर्वेक्षण(जेडएसआई) द्वारा शुरू की गई एक परियोजना के प्रमुख अन्वेषक प्रोफेसर जय किशोर सेठ ने कहा कि नई प्रजाति का नाम ‘अवौस मोटला’ रखा गया है। ओडिशा सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के वित्त सहयोग से चलाई गई अनुसंधान परियोजना के दौरान यह खोज की गई।
लोकल नाम मोटला रखा गया लेकिन...
जय किशोर सेठ ने कहा, ”हमने जेडएसआई के एस्टुरीन (ज्वारनदीमुख) बायोलॉजी रीजनल सेंटर के अनिल महापात्र और ऑस्ट्रेलिया के एक वैज्ञानिक के साथ मिलकर नमूनों का व्यापक अध्ययन किया। हमने पता लगाया है कि यह प्रजाति नयी थी और विभिन्न पहलुओं में प्रजाति की अन्य मछलियों से अलग थी।” सोनपुर क्षेत्र के मछुआरों ने मछली का नाम ‘मोटला’ रखा है। उन्होंने कहा, यह प्रजाति ‘अवौस’ प्रजाति से संबंधित है इसलिए इसका नाम ‘अवौस मोटला’ रखा गया है।
नई प्रजाति का विवरण 28 अक्टूबर को जर्नल ऑफ फिश बायोलॉजी के ऑनलाइन संस्करण में प्रकाशित किया गया।