राष्ट्रीय

महंगाई ने बढ़ाई आम आदमी की चिंता, अगस्त में 8 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची खुदरा महंगाई, 4.82% हुई दर

CPI Inflation: अगस्त में खुदरा महंगाई बढ़कर 4.82 फीसदी के आठ महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गई। प्याज, लहसुन और अदरक महंगे हुए, जबकि टमाटर और आलू की कीमतों में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गई।
2 min read
Sep 14, 2026
CPI Retail inflation Data August 2026
अदरक लहसून और प्याज की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। (फोटो- ANI)

Retail Inflation August 2026: आम लोगों के लिए अगस्त में महंगाई का झटका बढ़ गया। देश में खुदरा महंगाई (Retail Inflation) यानी खाना, कपड़े, मकान का किराया, बिजली, पेट्रोल, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन जैसी सभी वस्तुओं की महंगाई बढ़कर 4.82 फीसदी पहुंच गई, जो जुलाई में 4.45 फीसदी थी। वहीं, बात करें खाद्य मुद्रास्फीति (CFPI) यानी सिर्फ खाने पीने की चीजों जैसे अनाज, सब्जी, फल, दूध, तेल, मसाले, आदि की महंगाई 5.95 फीसदी पहुंच गई है। बढ़ती कीमतों ने घर के बजट पर दबाव बढ़ाया है। हालांकि, कुछ सब्जियां ऐसी है जिनके दामों में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गई। लेकिन फिर भी आम नागरिकों को लिए चौंकाने वाली बात ये है कि खुदरा महंगाई लगातार तीसरे महीने RBI के 4 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर रही है।

तीन महीने से RBI के लक्ष्य से ऊपर महंगाई

खुदरा महंगाई लगातार तीसरे महीने RBI के 4 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर रही है। मई में यह 3.93 फीसदी थी, जो जून में 4.38 फीसदी और जुलाई में 4.45 फीसदी हो गई। अगस्त में बढ़कर यह 4.82 फीसदी पर पहुंच गई। नए CPI सीरीज में उपलब्ध आठ महीनों के आंकड़ों में यह सबसे ज्यादा महंगाई है।

प्याज, लहसुन और अदरक ने बढ़ाई परेशानी

खाने की चीजों में सबसे ज्यादा दबाव कुछ सब्जियों की कीमतों से आया। अगस्त में प्याज की महंगाई बढ़कर 48.27 फीसदी पहुंच गई, जो जुलाई में 22.54 फीसदी थी। लहसुन की महंगाई 35.36 फीसदी से बढ़कर 43.60 फीसदी हो गई। अदरक की कीमतें भी काफी ऊंची रहीं और इसकी महंगाई 73.82 फीसदी दर्ज की गई। ये तीनों सब्जियां पूरे अगस्त 2026 में पूरे भारत में सबसे ज्यादा महंगाई वाली 5 चीजों में शामिल हैं। इनके अलावा चांदी के आभूषणों की महंगाई 107.11 फीसदी, जबकि सोना, हीरा और प्लेटिनम के आभूषणों की कीमतें सालाना आधार पर 35.53 फीसदी अधिक रहीं।

Source: PIB Press Release

टमाटर और आलू से मिली राहत

एक तरफ जहां अदरक, प्याज, लहसुन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली वहीं, कुछ सब्जियों ने आम लोगों को राहत भी दी। अगस्त 2026 में टमाटर की कीमतें सालाना आधार पर 31.09 फीसदी कम रहीं। वहीं, आलू की कीमतों में भी 13.14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

ग्रामीण इलाकों में महंगाई ज्यादा

अगस्त में ग्रामीण क्षेत्रों में खुदरा महंगाई 5.23 फीसदी रही, जो जुलाई में 4.84 फीसदी थी। शहरी इलाकों में महंगाई 3.96 फीसदी से बढ़कर 4.31 फीसदी पहुंच गई। कुल मिलाकर खाद्य महंगाई जुलाई में 5.52 फीसदी से बढ़कर अगस्त में 5.95 फीसदी हो गई। यह महंगाई सिर्फ खाने तक सीमित नहीं रही। रेस्तरां और होटल सेवाओं की महंगाई 8.38 फीसदी रही। व्यक्तिगत देखभाल और अन्य सेवाओं की महंगाई 15.17 फीसदी दर्ज की गई।

Updated on:
14 Sept 2026 06:20 pm
Published on:
14 Sept 2026 06:20 pm