
Rohini Acharya on Kangana Ranaut: BJP सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत के 'जेन-Z' को लेकर दिए गए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कंगना पर निशाना साधा है। रोहिणी का आरोप है कि BJP सांसद बेरोजगारी, पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ी जैसे अहम मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसी सस्ती और गैर-जिम्मेदाराना बातें कर रही हैं।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने लिखा कि सत्ता और अहंकार के नशे में चूर BJP सांसद देश की बड़ी युवा आबादी को खुलेआम 'गटर जनरेशन' कह रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस युवा शक्ति के दम पर आज भारत पूरी दुनिया में अपनी एक मजबूत पहचान बना रहा है, उसे इस तरह से अपमानित करना और उसके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना देश के युवाओं की प्रतिभा, क्षमता और उनकी दिन-रात की मेहनत का अपमान है।
BJP सांसद की मंशा पर सवाल उठाते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा कि देश के युवा अभी गंभीर बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और घटते अवसरों से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में सरकार युवाओं को रोजगार देने या पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षाएं आयोजित करने में पूरी तरह नाकाम रही है। इस कड़वी सच्चाई को मानने और सुधार करने के बजाय, BJP सांसद ऐस बातों से असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही हैं और पूरी युवा पीढ़ी के चरित्र पर सवाल उठा रही हैं।
Gen-Z का बचाव करते हुए रोहिणी ने लिखा कि सांसद होने का मतलब एक बड़ी और सम्मानजनक जिम्मेदारी निभाना है। लेकिन जनता और युवाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने के बजाय ऐसी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल यह दिखाता है कि BJP नेताओं के मन में युवाओं के लिए अब कोई सम्मान या सहानुभूति नहीं बची है। उन्होंने आगे कहा कि आज के जेन-Z युवा अपनी क्रिएटिविटी दिखाने, अपने स्टार्टअप शुरू करने और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बात करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। सिर्फ इसलिए कि युवा 'रील्स' बनाते हैं, उन्हें 'गटर' कहना संकीर्ण सोच को दिखाता है।
रोहिणी आचार्य ने मांग की है कि बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व तुरंत इस मामले पर ध्यान दे और इस बेहद गैर-जिम्मेदाराना बयान पर कार्रवाई करे। उन्होंने नेतृत्व से आग्रह किया कि वे सांसद कंगना रनौत को निर्देश दें कि वे अपनी आपत्तिजनक और भद्दी टिप्पणियों के लिए देश भर के Gen-Z , छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों से तुरंत सार्वजनिक माफ़ी मांगें।
कंगना रनौत ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई पोस्ट के जरिए छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने आज के युवाओं के व्यवहार की कड़ी आलोचना करते हुए लिखा था कि कुछ युवा बिना मेहनत किए आजादी चाहते हैं और अपनी जिम्मेदारियों को समझे बिना आजाद होने का दिखावा करते हैं। युवाओं और विरोध कर रहे छात्रों के व्यवहार, भाषा और जीवनशैली पर निशाना साधते हुए कंगना ने उन्हें 'गटर जेनरेशन' और 'गटर-क्लास' तक कह दिया था।