
रोहतक। हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चारों लोग खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में खाना खा रहे थे। वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई। आरोप है कि हिमांशु भाऊ गैंग के बदमाशों ने करीब 30 राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आए दिन खुलेआम गोलीबारी हो रही है और अलग-अलग आपराधिक गिरोहों की ओर से रंगदारी के लिए फोन किए जा रहे हैं। आम नागरिक डर के साये में जीने को मजबूर हैं, जबकि अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी के पास हरियाणा के लिए समय नहीं है। पिछले छह महीनों से मुख्यमंत्री पंजाब का दौरा कर रहे हैं, जहां विधानसभा चुनाव अभी चार से छह महीने दूर हैं। इससे पहले उन्होंने छह महीने बिहार में बिताए थे। मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों में राजनीतिक गतिविधियों के लिए समय दे रहे हैं, जबकि हरियाणा में अपराध और रंगदारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा में रंगदारी, गोलीबारी, अराजकता और गैंगस्टरों का दबदबा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर दिन दिनदहाड़े गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं और आपराधिक गिरोह लोगों को रंगदारी के लिए फोन कर रहे हैं। कई पीड़ित पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचते हैं, जबकि कुछ लोग डर के कारण शिकायत तक दर्ज नहीं कराते। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हालात इतने खराब हो गए हैं कि आम नागरिक लगातार डर के माहौल में जी रहे हैं और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
कांग्रेस सांसद ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अपराधियों में कानून का डर था और आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में स्थिति इसके बिल्कुल उलट हो गई है। दीपेंद्र हुड्डा ने रोहतक में एक दिन पहले हुई गोलीबारी की घटना का भी जिक्र किया और कहा कि यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाती है।