ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने AIMIM नेता वारिस पठान के विवादित बयान का खुलकर समर्थन किया है। वारिस पठान ने हाल ही में कहा था कि महाराष्ट्र और पूरे देश को हरे रंग में बदल देंगे। मौलाना रशीदी ने नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कहा, “‘देश हरा हुआ […]
ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने AIMIM नेता वारिस पठान के विवादित बयान का खुलकर समर्थन किया है। वारिस पठान ने हाल ही में कहा था कि महाराष्ट्र और पूरे देश को हरे रंग में बदल देंगे। मौलाना रशीदी ने नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कहा, “‘देश हरा हुआ तो क्या गलत है?’ इसमें बुराई क्या है? अगर कोई दल अपनी पार्टी का विस्तार करना चाहता है तो यह उसका संवैधानिक अधिकार है।”
मौलाना रशीदी ने सवाल उठाया कि जब कुछ लोग कहते हैं “राम लाएंगे, भगवा फहराएंगे” तो कोई कार्रवाई नहीं होती, लेकिन मुंबई या देश को हरा करने की बात पर इतना हंगामा क्यों? उन्होंने कहा, “हरा रंग इस्लामी रंग नहीं है, कई लोग इसे इस्लाम से जोड़कर मुसलमानों को बदनाम करने की कोशिश करते हैं। मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने वाले बयानों पर चुप्पी क्यों?” रशीदी ने इसे गैर-संवैधानिक बयानों पर दोहरा मापदंड बताया।
मौलाना रशीदी ने यूजीसी के नए नियमों पर भी टिप्पणी की, जिसके खिलाफ सवर्ण समाज में विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कानूनों का गलत इस्तेमाल हो सकता है और बेगुनाह नौजवान फंस सकते हैं। “सवर्ण समाज भाजपा का कोर वोट बैंक है, ऐसे नियमों से भाजपा को भी नुकसान होगा,” उन्होंने चेतावनी दी।
महाराष्ट्र में शंकराचार्य के अपमान को लेकर एक अधिकारी के इस्तीफे पर रशीदी ने कहा कि अगर इस्तीफा शंकराचार्य की वजह से दिया गया तो यह गलत है। शंकराचार्य सत्ता के खिलाफ बोलते रहे हैं। संगम स्नान के दौरान पालकी इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अन्य संत पालकी नहीं लेते, फिर शंकराचार्य क्यों? हालांकि पुलिस के कुछ संतों के साथ बर्ताव को उन्होंने गलत बताया।
गणतंत्र दिवस पर मौलाना रशीदी ने कहा कि देश तरक्की और विकास के रास्ते पर है। नफरत की इक्का-दुक्का घटनाओं को नजरअंदाज करें तो देश बहुत पॉजिटिव दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुस्लिम वोट पर रशीदी ने कहा कि कांग्रेस यह दावा क्यों करती है कि मुसलमान भाजपा से नाराज हैं? मुसलमानों के पास वोट देने का अधिकार है। अब कई मुसलमान सपा, आप, राजद जैसी पार्टियों को वोट दे रहे हैं। कांग्रेस परेशान है क्योंकि भाजपा को भी 10-12% मुस्लिम वोट मिल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसा कि अब वह सड़कों पर नहीं उतरती, सिर्फ बयानबाजी करती है। वोट चाहिए तो मुसलमानों के लिए संघर्ष करना होगा। मुसलमान आजाद हैं, वे किसी भी दल को वोट दे सकते हैं, भाजपा को भी।