राष्ट्रीय

नरेंद्र मोदी की पार्टी बिहार में फैलती जा रही है, उसे रोकने के लिए… सम्राट चौधरी का पुराना बयान हो रहा वायरल

Bihar Politics Latest News: सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पुराना बयान वायरल हो गया है। जानें क्या कहा था उन्होंने बीजेपी और नरेंद्र मोदी की पार्टी को लेकर, साथ ही अमित शाह का बयान क्यों हो रहा है चर्चा में।

2 min read
Apr 14, 2026
Samrat Choudhary Viral Video (Image: AI)

Samrat Choudhary Viral Video: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब सम्राट चौधरी के राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद उनके शपथ ग्रहण की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। नई सरकार के गठन और संभावित मंत्रिमंडल को लेकर सियासी हलचल के बीच अब सोशल मीडिया पर सम्राट चौधरी का एक पुराना बयान तेजी से वायरल हो रहा है।

ये भी पढ़ें

जब ‘कामराज यूनिवर्सिटी’ और ‘हाफिडेविट’ को लेकर उड़ा था मजाक, जानें कब-कब विवादों में रहे सम्राट चौधरी?

CM बनने के साथ वायरल हुआ पुराना बयान

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पुराने वीडियो और बयान फिर से शेयर किए जा रहे हैं। इन्हीं में एक पुराना बयान सबसे ज्यादा चर्चा में है, जिसमें वह बिहार की राजनीति और बीजेपी के बढ़ते प्रभाव पर टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। वायरल क्लिप में सम्राट चौधरी कहते नजर आ रहे हैं, “बिहार की जो लड़ाई थी, जिस तरह नरेंद्र मोदी की पार्टी बिहार में फैलती जा रही है, इसको रोकने के लिए हम लोगों को कुछ निर्णय लेना पड़ रहा है… और हम लोग तमाम विधायक बैठे, हमने बहुमत से निर्णय लिया।”

यह बयान अब इसलिए सुर्खियों में है क्योंकि मौजूदा समय में सम्राट चौधरी खुद बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं और बिहार में एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री पद संभालने जा रहे हैं। ऐसे में उनके पुराने राजनीतिक रुख और मौजूदा स्थिति को जोड़कर सोशल मीडिया पर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स इस बयान को उनके राजनीतिक सफर और बदलते सियासी समीकरणों से जोड़कर देख रहे हैं।

अमित शाह का बयान भी चर्चा में

सोशल मीडिया पर एक और पुराना वीडियो भी इसी संदर्भ में तेजी से शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो चुनाव प्रचार के दौरान का है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सम्राट चौधरी को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत देते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में अमित शाह कहते सुनाई दे रहे हैं, “और आप भरोसा रखिए, सम्राट जी को प्रचंड बहुमत से जिताइए… मोदी जी सम्राट जी को बड़ा आदमी बनाएंगे, भाइयों-बहनों।”

अब जब सम्राट चौधरी के बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने की तस्वीर साफ हो चुकी है, तब अमित शाह का यह बयान भी नए संदर्भ में देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इसे बीजेपी की पहले से तय रणनीति और सम्राट चौधरी की बढ़ती राजनीतिक भूमिका से जोड़ रहे हैं।

बदलते सियासी समीकरणों के बीच चर्चा तेज

दरअसल, बिहार में सत्ता परिवर्तन के साथ ही सम्राट चौधरी को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ नई सरकार के गठन को लेकर बैठकों और मंत्रिमंडल के संभावित चेहरों पर मंथन चल रहा है, तो दूसरी तरफ उनके पुराने बयान फिर से बहस का विषय बन गए हैं। यही वजह है कि मुख्यमंत्री बनने से पहले ही सम्राट चौधरी सोशल मीडिया और राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।

ये भी पढ़ें

‘नीतीश जैसा चाहेंगे वैसा होगा’, नए सीएम को लेकर आ गया अनंत सिंह का बयान, निशांत कुमार को लेकर क्या बोले?
Updated on:
14 Apr 2026 08:09 pm
Published on:
14 Apr 2026 08:02 pm
Also Read
View All