
BJP New National Team List : नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में संदीप पाठक को राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से सोमवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई सूची जारी की गई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में कई नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से इन नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इनमें सुनील बंसल, विनोद तावड़े, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं। वहीं, आप से भाजपा में आए संदीप पाठक को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी देकर केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है।
आईआईटी दिल्ली के पूर्व प्रोफेसर और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी धारक डॉ. संदीप पाठक की पहचान आम आदमी पार्टी के प्रमुख चुनावी रणनीतिकार के तौर पर रही है। पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत की रणनीति तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। इसके अलावा गुजरात और हिमाचल प्रदेश में पार्टी के संगठन विस्तार में भी उन्होंने काम किया था।
भाजपा में शामिल होने के बाद से ही यह माना जा रहा था कि पार्टी उनके संगठनात्मक और चुनावी रणनीति से जुड़े अनुभव का इस्तेमाल राष्ट्रीय स्तर पर करेगी। राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद अब उन्हें विभिन्न राज्यों में संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति से जुड़े दायित्व मिल सकते हैं।
संदीप पाठक के पास तकनीकी, प्रशासनिक और चुनावी रणनीति से जुड़ा अनुभव है। भाजपा नेतृत्व आगामी चुनावों को देखते हुए उनके अनुभव का इस्तेमाल संगठन को मजबूत करने में कर सकता है। खासतौर पर उन राज्यों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है, जहां पार्टी संगठन के विस्तार और चुनावी रणनीति पर फोकस कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर नई राष्ट्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम के सभी सदस्य कार्यकर्ता भाव से भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे तथा 'विकसित भारत' के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।