राष्ट्रीय

संजय झा बने JDU के कार्यकारी अध्यक्ष, खुद CM नीतीश ने किया नाम का ऐलान

JDU New President: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद और पूर्व मंत्री संजय झा को जेडीयू का नया कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है।
2 min read
• •
Updated: 29 Jun 2024, 3:41 PM IST
Feature image

जनता दल यूनाइटेड की दिल्ली में चल रही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। राज्यसभा सांसद संजय झा को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में चल रही बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर झा के नाम पर मुहर लगी है। बता दें कि पूर्व मंत्री और राज्यसभा सांसद झा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का खास माना जाता है। पहले से ही इस बात की चर्चा थी कि इस बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा। हालांकि इसमें दो नाम चल रहे थे। अंत में संजय झा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। संजय झा को भाजपा और जदयू के बीच की कड़ी माना जाता है। महागठबंधन छोड़कर जदयू के भाजपा के साथ आने में झा की मुख्य भूमिका मानी जाती है।

ललन सिंह के अध्यक्ष रहते RJD के साथ चली गई थी JDU

संजय झा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद उनका कद बढ़ गया है। हालांकि, नीतीश कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। ऐसे में कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर नीतीश कुमार ने यह भी संदेश दे दिया है कि जदयू के काम अब संजय झा ही देखेंगे और भाजपा से उनकी दोस्ती अब लंबी चलने वाली है। इससे पहले ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए जदयू महागठबंधन के साथ चली गई थी। इसके बाद जब नीतीश कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो फिर जदयू एनडीए के साथ आ गयी।

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र से बात करेंगे-झा

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद संजय झा ने कहा कि मैं अपने नेता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे नई जिम्मेदारी दी है। उनके विश्वास पर खड़ा उतरने का मैं हर संभव प्रयास करूंगा। आने वाले समय में अलग अलग राज्यों में चुनाव हैं। वहां भी हमारी पार्टी चुनाव लड़ने की रणनीति तय करेगी। झारखंड में हमारी पार्टी चुनाव लड़ेगी। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने को लेकर भी हम लोग केंद्र से बात करेंगे।

Updated on:
29 Jun 2024, 3:41 PM IST
Published on: