राष्ट्रीय

NCP के विलय की अटकलों पर संजय राउत का बड़ा बयान: बोले- अंतिम सांस तक BJP में नहीं जाएंगे शरद पवार

महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों पर संजय राउत ने कहा कि अजित पवार गुट का शरद पवार की मूल पार्टी में विलय नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि शरद पवार अपनी आखिरी सांस तक बीजेपी में शामिल नहीं होंगे।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 11:43 AM IST
Sanjay Raut Supreme Court Contempt Case
NCP के विलय की अटकलों पर संजय राउत का बड़ा बयान (Photo: IANS/File)

मुंबई। महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों के एक होने की चर्चाओं के बीच शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के संभावित विलय और शरद पवार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ जाने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस मुद्दे पर अब कोई चर्चा नहीं बची है और किसी भी परिस्थिति में अजित पवार के गुट का शरद पवार की मूल पार्टी में विलय नहीं होगा।

'विलय की चर्चा अब खत्म हो चुकी है'

मीडिया से बातचीत में संजय राउत ने विलय को लेकर चल रही खबरों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बेवजह इस विषय को इतना महत्व दिया जा रहा है, जबकि यह अध्याय बंद हो चुका है। उन्होंने कहा कि पवार ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन शाहू, फुले और आंबेडकर की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा पर चलते हुए बिताया है। उनकी विचारधारा भाजपा से बिल्कुल अलग है, ऐसे में जीवन के इस पड़ाव पर उनसे भाजपा में शामिल होने की उम्मीद करना भी बेमानी है।

बीजेपी पर नैरेटिव बनाने का आरोप

राउत ने यह भी कहा कि शरद पवार अपनी अंतिम सांस तक भाजपा के साथ नहीं जाएंगे और इस बारे में सोचना भी अपमानजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ही शरद पवार के बीजेपी में शामिल होने और दोनों एनसीपी गुटों के विलय को लेकर इस तरह का नैरेटिव बना रही है और उसे बढ़ावा दे रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह चर्चा कौन कर रहा है और इसे इतनी अहमियत क्यों दी जा रही है?

सुप्रिया सुले ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मुझे कोई प्रस्ताव नहीं मिला

उधर, सुप्रिया सुले ने कहा कि उनके पास विलय को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं आया है। इसलिए आप किस विलय की बात कर रहे हैं, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मुझसे इस बारे में किसी ने बात नहीं की है। उन्होंने साफ किया कि अजित पवार के निधन के बाद यह मुद्दा उनके लिए खत्म हो गया था। सुप्रिया सुले ने यह भी माना कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी। उन्होंने कहा कि मैं अपने बारे में बता सकती हूं। उनके रहते विलय को लेकर चर्चा हुई थी। उन्होंने मुझसे और हमारी पार्टी के सभी लोगों से इस बारे में बात की थी। उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन के साथ ही यह विषय उनके लिए समाप्त हो गया था।

Updated on:
13 Nov 2026, 11:43 AM IST
Published on: