
आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) को शुक्रवार की शाम को बड़ा झटका देते हुए 7 राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ते हुए बीजेपी (BJP) में शामिल हो गए। इन सांसदों में राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी शामिल हैं। यह दो-तिहाई बहुमत है, इसलिए सातों सांसद एंटी-डिफेक्शन कानून से बचते हुए अपनी सदस्यता बरकरार रख सकेंगे। वहीँ राज्यसभा में सिर्फ 3 'आप' सांसद रह गए हैं। राघव चड्ढा (Raghav Chadha) के बीजेपी में शामिल होने की पिछले कुछ समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने पर शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत (Sanjay Raut) भड़क उठे हैं।
शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद राउत ने चड्ढा समेत 7 'आप' सांसदों के बीजेपी में शामिल होने पर अपनी भड़ास निकाली है बीजेपी पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा, "भाजपा जो राजनीति खेल रही है, वो सबको पता है। उनकी राजनीति को एक शब्द में कहें तो 'बेशर्मी' कहना सही होगा। उन्हें ज़रा भी शर्म नहीं है, क्योंकि राघव चड्ढा जैसे लोग, जो कल तक हमारे मित्र भी थे, खुलेआम कहते थे कि भाजपा गुंडों, बदमाशों और भ्रष्ट लोगों की पार्टी है। ये सभी लोग थोक में गुंडों और भ्रष्ट लोगों की पार्टी में शामिल हो गए हैं।"
राउत ने आगे कहा, "महाभारत में एक राक्षस है, जिसका नाम बकासुर है। उसकी भूख कभी शांत नहीं होती, उसका पेट कभी नहीं भरता। भाजपा 'बकासुरों की पार्टी' बन गई है। वो कुछ भी खा लेते हैं। राघव चड्ढा जैसे 7 लोग उस नर्क की पार्टी में शामिल हो गए हैं। हमें इसका कोई अफसोस नहीं है। उन्हें जल्द ही पता चलेगा कि नर्क कैसा होता है। विपक्ष कभी कमजोर नहीं होगा। ये छह-सात लोग जो पार्टी छोड़कर गए हैं, वो कोई सार्वजनिक हस्ती नहीं हैं। ज़्यादा से ज़्यादा वो सोशल मीडिया पर पेज 3 के नेता हैं।"