
Sanjay Saraogi on Prashant Kishor: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और NDA सरकार को लेकर दिए गए बयान का जवाब देते हुए बिहार BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि NDA बिहार में दो-तिहाई बहुमत के साथ एक मजबूत सरकार चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी एक उपचुनाव के नतीजे का सरकार की स्थिरता या NDA के नेतृत्व पर कोई असर नहीं पड़ता है।
संजय सरावगी ने बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार की हार को स्वीकार किया और कहा कि पार्टी नतीजों की गंभीरता से समीक्षा करेगी। हालांकि, प्रशांत किशोर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह सिर्फएक विधानसभा सीट का उपचुनाव था। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सर्वमान्य नेता हैं और बिहार विधानसभा में एनडीए के पास दो-तिहाई का स्पष्ट बहुमत मौजूद है। ऐसे में एक विधायक के हटने या जीतने से एनडीए के नेता और सरकार पर कितना असर पड़ता है, यह बात राजनीति और लोकतंत्र के गणित को समझने वाले पढ़े-लिखे लोग ही भली-भांति जान सकते हैं।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद प्रशांत किशोर ने कहा था कि बांकीपुर की जनता का जनादेश सिर्फ एक विधायक चुनने के बारे में नहीं था। उन्होंने इसे बिहार की जनता की ओर से बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के लिए एक संदेश बताया। प्रशांत किशोर ने कहा था कि राज्य का मुख्यमंत्री एक काबिल, पढ़ा-लिखा और बेदाग व्यक्ति होना चाहिए। राज्य की जनता आपराधिक बैकग्राउंड वाले या गंभीर आरोपों का सामना कर रहे किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री के तौर पर स्वीकार नहीं करेगी।
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, BJP के प्रदेश अध्यक्ष ने उनके इरादों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी को पहले यह सोचना चाहिए कि ओवैसी और विपक्ष के नेताओं के मन में भगवान श्री राम के प्रति कितनी श्रद्धा और आस्था रही है।
संजय सरावगी ने बताया कि राम मंदिर के निर्माण के दौरान, ओवैसी, सपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने मंदिर के निर्माण को रोकने के लिए क्या-क्या नहीं कहा था। ये लोग कभी नहीं चाहते थे कि एक भव्य राम मंदिर बने। सरावगी ने कहा कि जहां तक चंदा चोरी के आरोपों का सवाल है, तो यह सिद्ध हुआ है कि चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस और सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा चोरी किए गए पैसों की रिकवरी भी हो चुकी है।
संजय सरावागी ने राम मंदिर मुद्दे पर संतों और विपक्ष को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने बिल्कुल सच कहा है। सरावागी ने कहा कि जो लोग आज इस मुद्दे पर हंगामा कर रहे हैं, वे उन पार्टियों से जुड़े हैं जिनका इतिहास अयोध्या में सरयू नदी के तट पर सैकड़ों निर्दोष कार सेवकों पर गोली चलाकर उनकी हत्या करने का रहा है। सरावगी ने कहा कि सरकार इस मामले में सबसे सख्त कार्रवाई कर रही है।
RSS प्रमुख मोहन भागवत की आज के युवाओं (Gen Z) से जुड़ने की पहल की तारीफ करते हुए,संजय सरावगी ने कहा कि युवाओं के साथ लगातार बातचीत जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर वीडियो और अलग-अलग इंटरैक्टिव प्रोग्राम के जरिए देश के छात्रों और युवाओं से सीधे जुड़ते हैं, उसी तरह RSS प्रमुख भी उनसे जुड़ रहे हैं। समाज के हर वर्ग के लिए आज के युवाओं की सोच और भावनाओं को समझना जरूरी है।