
नई दिल्ली। परिसीमन बिल को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बिल परिसीमन के लिए नहीं, बल्कि भाजपा को चुनावी फायदा पहुंचाने के मकसद से लाया जा रहा है। संजय सिंह ने इसे 'भाजपा जिताओ बिल' करार देते हुए कहा कि इसके जरिए विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों का गठन इस तरह किया जाएगा, जिससे भाजपा को चुनाव में फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि देश को असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन के दौरान अपनाए गए तरीके को समझना चाहिए। बिल पारित होने के बाद देशभर में निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण की प्रक्रिया भी इसी तर्ज पर आगे बढ़ सकती है।
संजय सिंह ने कहा कि असम में एक लोकसभा क्षेत्र 26 लाख की आबादी पर बनाया गया, जबकि दूसरा लोकसभा क्षेत्र 12 लाख की आबादी वाला बना दिया। इसका मतलब है समान आबादी के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं तय करना, परिसीमन का मूल उद्देश्य यही है। इसीलिए यह एक 'बीजेपी जिताओ' विधेयक है।
संजय सिंह ने कहा कि वे विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों को इस तरह से बनाएंगे जिससे बीजेपी को फायदा मिले। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन क्षेत्रों का गठन भाजपा के पक्ष में होने से विपक्ष के लिए उसे हराना लगभग असंभव हो जाएगा।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह बिल लोकतंत्र के लिए खतरा है, क्योंकि लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को खत्म करने और सारी सत्ता अपने हाथों में समेटने की कोशिश में बीजेपी अब 800 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रख रही है। पिछले चुनाव में उन्होंने 400 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा था, जो पूरी तरह विफल रहा। अब सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का लक्ष्य रखकर, वे हमेशा के लिए सत्ता पर कब्जा करना और उसे अपने पास बनाए रखना चाहते हैं।