
Delhi Protest: आम आदमी पार्टी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए है। इस दौरान आप सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई गिरफ्तारियों और यातायात सेवाएं बंद किए जाने को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में एक दिन में 6 हजार से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। संजय सिंह ने कहा कि अगर लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अनुमति दी जाती, तो कम से कम 6 लाख लोग दिल्ली पहुंचते।
AAP नेता संजय सिंह ने आगे कहा कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों का संकल्प पहले जैसा ही था। उन्होंने कहा कि चाहे कितना भी हमला क्यों न हो, प्रदर्शनकारी अपनी ओर से हाथ नहीं उठाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि CJP ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया था।
AAP नेता ने सवाल उठाया कि क्या लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए कोई जगह नहीं है? उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना संविधान से मिले अधिकारों में शामिल है। ऐसे में लोगों को अपनी बात रखने से रोकने को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने ट्रेने रद्द करने और मेट्रो सेवाएं बंद करने पर भी सवाल उठाया। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने सभी ट्रेन और मेट्रो सेवाएं बंद कर दीं। उन्होंने कहा कि इसका असर केवल प्रदर्शनकारियों पर ही नहीं, बल्कि आम लोगों पर भी पड़ा।
उन्होंने सवाल किया कि उन लोगों का क्या, जो अपने बीमार माता-पिता का इलाज कराने दिल्ली आना चाहते थे? कारोबार के सिलसिले में आने वाले लोगों और छोटे-मोटे काम या दिहाड़ी मजदूरी के लिए दिल्ली पहुंचने वालों का क्या हुआ?
AAP नेता ने कहा कि परिवहन सेवाएं बंद होने से आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने सरकार के कदम पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह सब कुछ बंद कर देने से आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित होती है।
संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में पत्रकारों, वकीलों और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ हुई बर्बरता ने सारी हदें पार कर दीं। BJP-RSS के गुंडों ने पुलिस की मौजूदगी में बच्चियों और छात्र प्रदर्शनकारियों पर हमला किया। पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया, सिर्फ ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए।