
Sanjay Singh on Congress BJP: नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों का उद्देश्य देश की बाकी राजनीतिक पार्टियों को खत्म कर सिर्फ बीजेपी और कांग्रेस को राजनीतिक मुकाबले में बनाए रखना है।
संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस नेताओं के बयानों में लगातार आम आदमी पार्टी को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस की ओर से वैसी बयानबाजी सुनने को नहीं मिलती। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी कांग्रेस की ओर से लगातार आप और अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाया गया।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब में कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का कथित तौर पर एक ही उद्देश्य है आम आदमी पार्टी को बदनाम करना। उन्होंने कहा कि आप के खिलाफ गलत प्रचार किया जा रहा है और सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो तक प्रसारित किए जा रहे हैं। संजय सिंह ने पंजाब पुलिस को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों में नशे के कारोबार के मुद्दे पर ये दल चुप रहते हैं, जबकि पंजाब में आप सरकार को घेरने की कोशिश की जा रही है।
संजय सिंह ने बिहार के मंत्री श्रवण कुमार की 'छिटपुट घटनाएं होती रहती हैं' वाली टिप्पणी पर कहा कि हां, उनके लिए ये छोटी-मोटी घटनाएं हैं। भाई, अगर उनके राज्य में रेप नहीं होगा, मर्डर नहीं होगा और रेप के बाद मर्डर जैसी घटनाएं नहीं होंगी, तो वे किसे घटना मानेंगे? उनके हिसाब से यह सिर्फ छोटी-मोटी घटना है। उनका मकसद ऐसा बिहार बनाना है, जहां रेप, मर्डर और लूटपाट खुलेआम हों। इसीलिए उन्हें यह छोटी-मोटी घटना लगती है।