राष्ट्रीय

महाराष्ट्र : दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय पर सतेज पाटील का बड़ा बयान, बोले- 100 फीसदी नहीं होगा एकीकरण

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय की चर्चाओं के बीच कांग्रेस नेता सतेज पाटील ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने विलय की संभावना से इनकार करते हुए भाजपा पर दोनों दलों को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 6:47 PM IST
sharad pawar and sunetra pawar
सुनेत्रा पवार और शरद पवार (Photo: IANS/File)

NCP Merger: महाराष्ट्र में दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर कांग्रेस नेता सतेज पाटील ने विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें 100 फीसदी भरोसा है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस का विलय नहीं होगा। उन्होंने भाजपा पर दोनों दलों को कमजोर करने और उनके बीच अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।

'विलय की कोई संभावना नजर नहीं आती'

सतेज पाटील ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उनसे करीब 10 बार दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय को लेकर सवाल पूछा जा चुका है। संभव है कि अजित पवार के रहते इस मुद्दे पर कुछ बातचीत हुई हो, लेकिन अब उन्हें विलय की कोई संभावना नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में शामिल तीनों दलों के बीच विवाद और अस्थिरता पैदा होने से ही भाजपा को फायदा होता है। भाजपा की कोशिश है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाला गुट कमजोर हो जाए।

रोहित पवार ने भी भाजपा पर साधा निशाना

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार ने भी विलय को लेकर अपनी स्थिति साफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि दोनों दलों के बीच विलय की कोई चर्चा नहीं चल रही है। भाजपा के साथ रहते हुए विलय का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान कि दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस का एकीकरण उनके बिना नहीं होगा, सत्ता का अहंकार दिखाता है। रोहित पवार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मुंढवा मामले का भी जिक्र किया।

रोहित पवार ने उठाया सवाल

उन्होंने कहा कि पीसीएमसी चुनाव के दौरान मुंढवा मामले को लेकर दबाव बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन अजित पवार ने भाजपा के सामने झुकने से इनकार कर दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि अजित पवार को कौन ब्लैकमेल कर रहा था और इसके आदेश किसने दिए थे। रोहित पवार ने कहा कि ब्लैकमेलिंग के आधार पर राजनीति करने वाली भाजपा और उसके नेताओं को दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के एकीकरण के मुद्दे पर बोलने से बचना चाहिए।

प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से मुलाकात के बाद बढ़ी थी चर्चा

दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय की चर्चा उस समय फिर तेज हो गई थी, जब वरिष्ठ नेता शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। उस दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता प्रफुल्ल पटेल उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद दोनों दलों के एक होने की अटकलें शुरू हो गई थीं। इसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी बयान दिया था कि 12 फरवरी 2026 को दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के एक साथ आने की बात तय थी। उनके इस बयान के बाद विलय को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई थीं।

Updated on:
12 Nov 2026, 6:47 PM IST
Published on: