
Satyendra Jain Bail: नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे सत्य की जीत बताया है। जमानत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। दोनों नेताओं ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को राजनीतिक कार्रवाई करार देते हुए सवाल उठाया कि जब मामले में उनसे पूछताछ की जरूरत नहीं थी तो उन्हें गिरफ्तार क्यों किया गया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज सत्येंद्र जैन को जमानत मिल गई। उन्होंने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम तौर पर किसी व्यक्ति को किसी मामले में पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया जाता है और इसके लिए पुलिस कस्टडी ली जाती है। पुलिस कस्टडी पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है।
उन्होंने दावा किया है कि सत्येंद्र जैन को इस मामले में पुलिस कस्टडी में भेजा ही नहीं गया और उनसे कोई पूछताछ भी नहीं की गई। उन्हें सीधे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। केजरीवाल ने कहा कि उनके खिलाफ मामला इतना कमजोर था कि महज दस दिन के भीतर उन्हें जमानत मिल गई। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी से उन्हें क्या हासिल हुआ।
वहीं, सौरभ भारद्वाज ने सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने पर इसे भाजपा के कथित ‘ऑपरेशन पंजाब’ की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब चुनाव को प्रभावित करने के लिए आम आदमी पार्टी के नेताओं को फर्जी मामलों में जेल भेजकर पार्टी को बदनाम करने की कथित कोशिश अब नाकाम हो रही है। भारद्वाज ने कहा कि सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी सिर्फ पंजाब में चुनावी तैयारियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से की गई थी।
उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े कथित टेंडर घोटाले के मामले को भी पूरी तरह फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह तथाकथित आबकारी मामले को लेकर आरोप लगाए गए, उसी तरह दिल्ली जल बोर्ड के मामले में भी कोई वास्तविक घोटाला नहीं हुआ है। उनका दावा है कि संबंधित मामलों में जांच एजेंसियां लंबे समय से जांच कर रही हैं और प्रवर्तन निदेशालय अपनी जांच पूरी कर अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद एंटी करप्शन ब्यूरो ने सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया और उनसे पुलिस हिरासत में पूछताछ तक नहीं की।
भारद्वाज ने कहा कि उन्हें सीधे गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेजा गया। उन्होंने इसे राजनीतिक दबाव बनाने और पंजाब में आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक काम को प्रभावित करने की कोशिश बताया। सौरभ भारद्वाज ने जमानत देने के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट का आभार जताया। भारद्वाज ने सत्येंद्र जैन को आम आदमी पार्टी परिवार का वरिष्ठ सदस्य और अपना बड़ा भाई बताया।
उन्होंने कहा कि पंजाब में संगठन से जुड़े विषयों पर सत्येंद्र जैन की राय और सलाह ली जाती थी। वह पंजाब में चुनावी तैयारियों में संगठन की मदद कर रहे थे। अब जमानत मिलने के बाद उनके दोबारा सक्रिय होने से पार्टी के संगठनात्मक काम को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सौरभ भारद्वाज ने जमानत के बाद सत्येंद्र जैन और उनके परिवार के बीच हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पत्नी और बेटी से मुलाकात के दौरान सत्येंद्र जैन भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक आए। भारद्वाज ने कहा कि यह पार्टी के लिए भावुक क्षण था। उन्होंने बताया कि फिलहाल जमानत से जुड़ी कागजी कार्रवाई और बेल बॉन्ड भरने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उनका कहना था कि मुख्य बात यह है कि अदालत ने जमानत दे दी है और सत्येंद्र जैन जल्द अपने परिवार के बीच वापस लौटेंगे।