राष्ट्रीय

PM मोदी की रैली पर AAP का खुलासा: वोट चोरी कर जीती दिल्ली, अब रैली के लिए कर्मचारियों पर जुल्म

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की रैली को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
2 min read
Aug 17, 2025
Feature image
AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Photo-IANS)

AAP attacks PM Modi: आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भीड़ जुटाने के लिए BJP ने MCD के सफाई कर्मचारियों सहित सरकारी कर्मचारियों को धमकी देकर जबरन बुलाया। यह रैली द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-II के उद्घाटन के मौके पर रोहिणी में आयोजित की गई थी।

जन्माष्टमी के बाद कर्मचारियों पर जुल्म

भारद्वाज ने कहा कि जन्माष्टमी के अगले दिन, जब लोग पूजा और आराम में व्यस्त थे, MCD कर्मचारियों को सुबह 7 बजे मालवीय नगर के बाबा का ढाबा पर हाजिरी के लिए बुलाया गया। कई सफाई कर्मचारी रात 1-2 बजे सोए थे, फिर भी उन्हें अटेंडेंस के लिए मजबूर किया गया और रैली में ले जाया गया। AAP पार्षदों ने कई स्थानों पर इसकी पुष्टि की। भारद्वाज ने इसे BJP की तानाशाही करार दिया और कहा कि कर्मचारियों को मौखिक आदेश दिए गए।

BJP की रैली में कार्यकर्ता नहीं, कर्मचारी

भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में BJP की सरकार को छह महीने हो गए, लेकिन उनके पास रैली के लिए कार्यकर्ता तक नहीं बचे। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री द्वारा जायजा लेने के बावजूद BJP को कर्मचारियों को धमकाना पड़ा। AAP ने दावा किया कि दिल्ली की जनता BJP के साथ नहीं है, और रैली में खाली कुर्सियां इसका सबूत हैं।

वोट चोरी और नीतिगत विफलता का आरोप

भारद्वाज ने BJP पर दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाया, दावा करते हुए कि फर्जी वोट जोड़कर और असली वोट काटकर जीत हासिल की गई। उन्होंने BJP पर प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ाने, झुग्गियों पर बुलडोजर चलाने और हाल की बारिश में 30 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जनता अब BJP की रैलियों में नहीं, बल्कि आवारा कुत्तों की सुरक्षा के लिए एकजुट है।

Updated on:
17 Aug 2025 06:31 pm
Published on:
17 Aug 2025 06:31 pm