राष्ट्रीय

CJP नेता सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से क्यों रोका गया? जानें क्या है पूरा मामला

ऑक्सफोर्ड यूनियन में लेक्चर देने लंदन जा रहे कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोकने का आरोप लगा है। दास का दावा है कि इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनका पासपोर्ट फ्लैग होने की बात कहकर उन्हें विदेश जाने से रोक दिया। घटना को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 6:56 AM IST
CJP leaders bail
सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका (Photo-ANI)

कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने से रोक लिया। इस पर सीजेपी नेता सौरव दास ने कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एक लेक्चर देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन इमिग्रेशन काउंटर पर अधिकारियों ने बताया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है।

मोदी सरकार पर साधा निशाना

इसको लेकर CJP नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है और मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि मुझे कायर मोदी सरकार ने दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया। मैं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने जा रहा था। 

इसके अलावा सौरव दास ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। उन्होंने वीडियो में बताया कि उनकी फ्लाइट रात 1 बजे लंदन के लिए थी। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठित छात्रसंघ (ऑक्सफोर्ड यूनियन) ने उन्हें लेक्चर के लिए बुलाया था। हालांकि, इमिग्रेशन काउंटर पर पहुंचने के बाद उन्हें बताया गया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है और वह देश से बाहर यात्रा नहीं कर सकते।

सीजेपी ने की निंदा

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सौरव दास को एयरपोर्ट पर रोके जाने की निंदा की। पार्टी ने कहा कि सरकार शिक्षित और मुखर आवाजों से डरती है। पार्टी के मुताबिक, सौरव दास को ऑक्सफोर्ड यूनियन में संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया।

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान भी चर्चा में आए थे सौरव दास

बता दें कि सौरव दास कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के साथ संगठन के कई आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं। इनमें पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को लेकर किया गया विरोध प्रदर्शन शामिल है।

बीते 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान सौरव दास और आशुतोष रांका को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। आरोप था कि सौरव दास, रांका, CJP नेता अजिंक्य शिंदे और 11 अन्य लोगों ने जंतर-मंतर के उस हिस्से में प्रवेश किया था, जिसे प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं किया गया था।

प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं का विरोध कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी भी की थी।

इसके बाद 21 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य आरोपियों को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानती बॉन्ड भरने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया था।

Updated on:
24 Nov 2026, 6:56 AM IST
Published on: