राष्ट्रीय

जमानत पर लालू यादव को बड़ी राहत, नीतीश पर हमलावर हुए तेजस्वी यादव

लालू यादव की जमानत पर फैसला अगले सप्ताह स्वास्थ्य के आधार पर मांगी गई है जमानत तेजस्वी ने ट्वीट के जरिए नीतीश कुमार पर साधा निशाना

2 min read
Apr 05, 2019
जमानत पर लालू यादव को बड़ी राहत, नीतीश पर हमलावर हुए तेजस्वी यादव

नई दिल्ली : चारा घोटाले में काफी समय से जेल में बंद लालू प्रसाद यादव के लिए सुप्रीम कोर्ट की तरफ से राहत की खबर आई है। एक तरफ सुप्रीम कोर्ट उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है। वहीं दूसरी तरफ लालू यादव की किताब में नीतीश कुमार को लेकर लिखी गई बातों के आधार पर लालू के पुत्र तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के खिलाफ हमलावर रुख अपनाया है।

तेजस्वी ने कहा है कि वो पूरे विश्वास के साथ बोल सकते हैं कि नीतीश कुमार ने कई बार महागठबंधन में लौटने की कोशिश की थी। तेजस्वी यादव ने ट्वीट में लिखा है 'नीतीश कुमार ने वापस लौटने और हमारे साथ गठबंधन करने के कई प्रयास किए। नीतीश ने एनडीए में लौटने के छह माह के भीतर ही कई कोशिशें कीं।' बता दें कि लालू यादव ने एक किताब लिखी है जिसमें इस बात का जिक्र किया गया है कि नीतीश एनडीए में लौटने के बाद महागठबंधन में शामिल होना चाहते थे। तेजस्वी ने उसी किताब का हवाला देते हुए ट्वीट किया है।

उधऱ जमानत याचिका पर सुनवाई की खबर के बाद लालू यादव के परिवार में खुशी का माहौल है। ये वाकई लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए राहत की खबर है, वो भी उस समय जब चुनाव सिर पर हैं और लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने विद्रोह कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि 10 अप्रैल को लालू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई की जाएगी। लालू यादव ने अपने स्वास्थ्य के मुद्दे पर जमानत की याचिका की थी जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है।

बता दें कि इससे पहले झारखंड हाईकोर्ट लालू यादव की जमानत याचिका को खारिज कर चुका है। इसके बाद 16 मार्च को लालू यादव के अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने चीफ जस्टिस रंजन गोगोई, दीपक गुप्ता और संजीव खन्ना के सामने अपील की थी कि लालू के खराब स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र को देखते हुए उन्हें जमानत दी जानी चाहिए।

सिब्बल ने कहा था कि जिन तीन मामलों में लालू यादव को सजा हुई, वो मामले तो एक जैसे हैं लेकिन सजा अलग है। इन मामलों में दूसरे दोषियों को जमानत मिल गई तो लालू यादव को भी जमानत दे देनी चाहिए। फिलहाल लालू प्रसाद यादव बिरसा मुंडा जेल में बंद हैं।

Indian Politics से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..

Lok sabha election Result 2019 (https://www.patrika.com/tags/loksabha-election-result-2019/) से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download patrika Hindi News App.

Published on:
05 Apr 2019 12:41 pm
Also Read
View All