School Holiday Punjab: भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को लेकर पंजाब सरकार ने 27 से 30 अगस्त तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।
School Holiday: पंजाब में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश (Heavy Rain) और मौसम विभाग द्वारा बारिश की चेतावनी को देखते हुए पंजाब सरकार (Punjab Government) ने एक बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को सीएम भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने ऐलान किया कि राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों (प्राइमरी, सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी) में 27 अगस्त से 30 अगस्त तक छुट्टी (27-30 August School Holiday) रहेगी। सीएम मान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए इस बात की जानकारी दी।
पंजाब में हाल के दिनों में सतलुज, ब्यास और रावी नदियों के जलस्तर में वृद्धि के साथ-साथ कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके कारण कई गांवों में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है।
इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा, "पिछले दिनों से भारी बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए सभी स्कूल 27 अगस्त से 30 अगस्त तक बंद रहेंगे।"
बता दें कि पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच पंजाब के कम से कम 10 जिले - होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर, फाजिल्का , जालंधर , रूपनगर, गुरदासपुर, पठानकोट, एसबीएस नगर, फाजिल्का - बड़े पैमाने पर बाढ़ से जूझ रहे हैं। इन जिलों में अपातकालीन और राहत अभियान जारी है।
वहीं स्थिति को संभालने के लिए राज्य सरकार ने राहत प्रयासों की निगरानी और समन्वय के लिए जालंधर में एक केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण केंद्र स्थापित किया है। उन्होंने बचाव कार्यों में जिला प्रशासन और पुलिस की सहायता के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की भी मदद ली है।