राष्ट्रीय

दिल्ली में एक सप्ताह तक सिर्फ ऑनलाइन क्लास, निमार्ण कार्य 17 नवंबर तक बंद, सरकारी कर्मचारी करेंगे वर्क फ्रॉम होम

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के चलते सभी स्कूलों को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया है। इस दौरान स्कूल ऑनलाइन क्लास के माध्यम पढ़ाई करा सकेंगे, वहीं सरकारी कर्मचारी भी वर्क फ्रॉम होम करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2021, 6:39 PM IST
Schools to remain shut, offices go back to WFH in Delhi
Schools to remain shut, offices go back to WFH in Delhi

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत आस-पास के इलाके में इन दिनों प्रदूषण से बुरा हाल है। ऐसे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कई अहम फैसले लिए हैं। सीएम ने प्रदूषण के चलते राज्य के सभी स्कूलों को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया है। सीएम का कहना है कि इस दौरान बच्चों की पढ़ाई बिल्कुल प्रभावित नहीं होगी। स्कूल ऑनलाइन क्लास के माध्यम पढ़ाई करा सकेंगे। स्कूल बंद करने का आदेश 15 नवंबर से लागू होगा।

निर्माण कार्य पर भी लगी रोक
इसके साथ ही सीएम केजरीवाल ने 14 से 17 नवंबर तक राज्य में चल रहे निर्माण कार्य को पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया है। वहीं सरकार दफ्तरों के लोग भी इस दौरान घरों से काम कर सकेंगे। बता दें कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई थी। वहीं कोर्ट से प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे उपायों पर जानकारी मांगी थी।

बैठक में लिए गए फैसले
इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री भी शामिल हुए थे। इस बैठक में प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने ये अहम फैसले लिए हैं।

दिल्ली में अब मिलेगी राहत
माना जा रहा है कि स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद करने के पीछे कई कारण हैं। एक तो इससे लोग प्रदूषण के संपर्क में आने से बचेंगे, वहीं सड़कों पर कुछ वाहन भी कम होंगे। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में पता चला है कि दिल्ली में 50 फीसदी से अधिक प्रदूषण के लिए वाहन जिम्मेदार हैं। इसके साथ ही निर्माण कार्य बंद होने से भी दिल्ली में प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलेगी। रिपोर्ट में बताया गया कि निर्माण से 6.7-7.9 प्रतिशत प्रदूषण होता है।

गौरतलब है कि सर्दियों का मौसम आते ही हर साल राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली हो जाती है। वहीं सर्दियां बढ़ने का साथ ही दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ जाता है। इसके चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है, जबकि कुछ लोगों को आंखों में जलन, एलर्जी जैसी समस्याएं हो जाती हैं।

Published on: