SEMICON India 2026 के तीसरे और अंतिम दिन उद्योग जगत के दिग्गजों ने भारत में तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की सराहना की। शनिवार को कार्यक्रम में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि भारत अब सिर्फ सेमीकंडक्टर के लिए एक संभावित बाजार नहीं रह गया है, बल्कि वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में अपनी अहम जगह बना रहा है। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के मुताबिक, भारत में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय सहयोग, बड़े निवेश और तेजी से तैयार हो रहे इकोसिस्टम ने देश को सेमीकंडक्टर निवेश और मैन्युफैक्चरिंग के लिए महत्वपूर्ण जगह बना दिया है।
कार्यक्रम से इतर IANS से बातचीत में केलिंगटन ग्रुप बरहाड के लिम सेंग चुआन ने भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में योगदान करने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मलेशियाई कंपनी भारत में अपनी विशेषज्ञता, अनुभव और तकनीकी क्षमता लेकर आएगी।mn केलिंगटन, टाटा सेमीकंडक्टर और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की रणनीतिक साझेदार है। लिम सेंग चुआन के मुताबिक, भारत और मलेशिया के बीच सहयोग दोनों देशों के लिए फायदेमंद होगा और भारत की पहली सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन फैसिलिटी की स्थापना में मदद करेगा।
प्फाइफर वैक्यूम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बिजनेस डेवलपमेंट डायरेक्टर डेरेक शील्ड्स ने SEMICON India 2026 को सफल आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का विस्तार अब जमीन पर भी दिखाई देने लगा है।
उन्होंने कहा कि भारत में बड़े स्तर पर निवेश आ रहा है और वैश्विक कंपनियां देश को करीब से देख रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी कंपनी सेमीकंडक्टर सेक्टर की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए भारत में अपनी मौजूदगी का विस्तार कर रही है।
वाइजली ग्लोबल सॉल्यूशंस के मालिक साइमन टैन ने पहली बार SEMICON India में हिस्सा लेने के बाद आयोजन के स्तर की सराहना की। उन्होंने कहा कि केवल तीन वर्षों में यह कार्यक्रम काफी बड़ा हो गया है। उनके मुताबिक, दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से कंपनियां और प्रतिनिधिमंडल इसमें शामिल हो रहे हैं और कई सहयोग समझौतों के लिए मंच उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत की मजबूत भागीदारी भारत की बढ़ती वैश्विक अपील को दिखाती है।
कोहिजॉन लाइफ साइंसेज के रिसर्च एंड डेवलपमेंट डायरेक्टर प्रभाकरण कमलकन्नन ने कहा कि SEMICON India ने उन्हें नई तकनीकों, कंपनियों और उद्योग से जुड़े मौजूदा रुझानों को समझने का अवसर दिया। वहीं, लिंडे इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर मिलन साधुखान ने कहा कि भारत में दिलचस्पी सिर्फ चिप मैन्युफैक्चरिंग तक सीमित नहीं है। अब पैकेजिंग, टेस्टिंग और असेंबली जैसी गतिविधियों पर भी ध्यान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह रुझान दिखाता है कि भारत सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन के अलग-अलग हिस्सों में अपनी भूमिका बढ़ा रहा है।