
Sexual Assault Incident: देश में नए साल से पहले और बाद में लगातार यौन उत्पीड़न के मामले सामने आ रहे हैं। आरोपी पब्लिक प्लेस पर महिलाओं को छेड़ते हुए उनका शारीरिक शोषण करते हुए नजर आ रहे हैं। हाल ही में यौन उत्पीड़न की एक घटना बेंगलुरु में घटी है, जहां एक बदमाश ने महिला डॉक्टर को प्रताड़ित किया। उनके साथ छेड़खानी की और साथ ही गलत तरीके से टच किया। यह घटनाक्रम मौके पर लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गया है।
इसके बाद शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी और एक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके अतिरिक्त कई और यौन उत्पीड़न की घटनाओं की शिकायतें दर्ज की गई हैं।
बेंगलुरु में एक महिला डॉक्टर के द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई गई। महिला ने आरोप लगाया कि एक अज्ञात बदमाश ने उनके साथ बदसलूकी की और उनका यौन उत्पीड़न किया है।
मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस एक्शन में आई और आरोपी को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया गया। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने शनिवार को बताया कि बेंगलुरु के चिक्काबनावारा में AGB लेआउट में महिला डॉक्टर के साथ अज्ञात बदमाश ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब डॉक्टर अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद हॉस्टल लौट रही थीं। इस दौरान आरोपी स्कूटर पर पीछे से उनके पास आया और कथित तौर पर उनसे पता पूछने लगा। इसके बाद आरोपी डॉक्टर को गलत तरीके से छूने लगा और गले लगाने की कोशिश की। साथ ही मौखिक रूप से गाली देकर उनका यौन उत्पीड़न किया। यह पूरी घटना हॉस्टल के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में आरोपी स्कूटर पर पीड़िता के पास आता और दूर जाने से पहले उससे बात करता दिख रहा है।
बेंगलुरु में यौन उत्पीड़न के एक अन्य मामले में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि एक महिला क्रिसमस की रात को अपने दोस्तों के साथ एक मॉल में गई थी। वहां एक डिलीवरी एग्जीक्यूटिव ने महिला को भीड़ का फायदा उठाकर गलत तरीके से छुआ और साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
इसके बाद महिला ने महादेवनगर पुलिस थाने में यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की और आरोपी की पहचान करके उसे गिरफ्तार किया गया।
नया साल शुरू होने से एक दिन पहले ही एक और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। महिला द्वारा इस घटना का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया। साथ ही महिला ने अन्य महिलाओं से अपील की कि कोई भी यौन उत्पीड़न जैसी आपराधिक घटनाओं पर चुप न रहे। इसके बाद महिला की हिम्मत की सराहना की गई।
बता दें कि यह घटना 31 दिसंबर को कर्नाटक के कारवार जिले से सामने आई है। आरोप है कि चलती बस में युवक द्वारा महिला यात्री के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। पीड़िता ने इस घटना का वीडियो भी बनाया था।
पीड़िता द्वारा रिकॉर्ड किया गया 2.44 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में पुलिस को भी टैग किया गया था, जिसके बाद कार्रवाई की गई।