
Shaina NC: महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद अब शिवसेना के दोनों गुटों के बीच टकराव की वजह बन गया है। किताब फाड़ने के दौरान शिंदे गुट की नेता शायना एनसी से गलती से बाला साहब ठाकरे की तस्वीर भी फट गई। इस घटना पर उद्धव ठाकरे गुट ने कड़ी नाराजगी जताई है। नेता सुषमा अंधारे ने शायना एनसी और शिंदे गुट पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों को बाला साहब ने पहचान दी, आज वही उनका फोटो फाड़ रहे हैं।
दरअसल, सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का दावा करते हुए शिंदे गुट के नेताओं ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान नेताओं ने किताब फाड़कर अपना विरोध जताया। इसी दौरान मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ते समय गलती से बाला साहब ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ दी गई। घटना सामने आने के बाद ठाकरे गुट ने शिंदे गुट को निशाने पर लिया।
विवाद बढ़ने के बाद शायना एनसी ने सफाई देते हुए बाला साहब ठाकरे का अपमान करने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हमने मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी है। एक बार नहीं, बल्कि 10 बार उनकी तस्वीर फाड़ेंगे। बाला साहब ठाकरे हमारे आराध्य हैं। हम उनकी विचारधारा को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। शायना एनसी ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर का अपमान किया गया है। इसी का विरोध करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दल इस घटना को लेकर गलत प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस देखने और सुनने की अपील भी की।
इस घटना पर उद्धव ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि बाला साहब ठाकरे ने जिन लोगों को पहचान दी, आज वही लोग उनका फोटो फाड़ रहे हैं। यह बेहद शर्मनाक है। अंधारे ने कहा कि इन लोगों को किताबों और पढ़ने की संस्कृति के बारे में कुछ नहीं पता। जिन लोगों को किताबों और उनमें लिखे विचारों की समझ होती है, वे किताबें नहीं फाड़ते। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं का संबंध कमीशन, दलाली, टेंडर और प्रतिशत के खेल से रहा है। ऐसे लोगों को किताबों में लिखे विचारों की समझ नहीं हो सकती। उन्होंने शायना एनसी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली से स्क्रिप्ट भेजी गई और यहां के नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं के सामने रख दी। उन्हें सिर्फ उस पर बोलना था, लेकिन इस दौरान वे यह भी भूल गए कि बाला साहब ठाकरे ने ही उन्हें राजनीतिक पहचान दी थी।
शायना एनसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे गुट पर कांग्रेस की गोद में बैठने का आरोप लगाया था। इस पर सुषमा अंधारे ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की बातें करने के लिए मजबूर नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले भी कुछ नेताओं के साथ मतभेद होने पर इस्तीफा दिया था और उन लोगों के साथ मंच साझा करना स्वीकार नहीं किया। अंधारे ने कहा कि वे संयमित नेतृत्व के साथ काम कर रही हैं और फिलहाल इस मुद्दे पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहतीं। उन्होंने शिंदे गुट के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि इन्हें व्हाट्सऐप पर आए संदेश पढ़ने की फुर्सत नहीं है। इन्हें सिर्फ टेंडर के कागज पढ़ना आता है। ऐसे लोग किताबों पर क्या बात करेंगे।