राष्ट्रीय

एक फैसले ने शरद पवार से छीन लिया PM बनने का मौका? आठवले ने खोला कांग्रेस का पुराना राज

Sonia Gandhi: रामदास आठवले का दावा है कि कांग्रेस में बने रहते तो शरद पवार प्रधानमंत्री बन सकते थे। जानिए सोनिया गांधी के विदेशी मूल के विवाद और कांग्रेस से उनके निष्कासन की पूरी कहानी।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 12:42 PM IST
Belonging: A Journey of Love Book by Sonia Gandhi News
सोनिया गांधी की किताब'Belonging A Journey of Love में खुले कई रहस्य।(फोटो सोर्स: ANI)

Sharad Pawar: केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने वरिष्ठ नेता शरद पवार को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि अगर शरद पवार कांग्रेस में बने रहते और सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे पर विरोध नहीं करते, तो उन्हें प्रधानमंत्री बनने का मौका मिल सकता था। यह बयान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' के संदर्भ में सामने आया है।

सोनिया गांधी की किताब और शरद पवार का विरोध

सोनिया गांधी की इस नई किताब में उनके विदेशी मूल के मुद्दे का विशेष जिक्र किया गया है। किताब के अनुसार, उस दौर में कई बड़े नेता उनके प्रधानमंत्री पद की दावेदारी के विरोध में खड़े थे। इसी बात को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने बताया कि जब साल 1999 में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) में विदेशी मूल का मुद्दा उठा था, तब शरद पवार और कुछ अन्य नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई थी।

आठवले का कहना है कि बाबा साहब अंबेडकर के संविधान के मुताबिक भारत के हर नागरिक को चुनाव लड़ने और शीर्ष पद तक पहुंचने का अधिकार है। लेकिन उस समय इस मुद्दे को उठाने के कारण पार्टी के भीतर बड़ा घमासान मचा था, जिसके परिणामस्वरूप शरद पवार को कांग्रेस से बाहर होना पड़ा और उन्होंने साल 1999 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की स्थापना की।

मनमोहन सिंह के बाद आ सकता था पवार का नंबर

रामदास आठवले ने अपने पुराने राजनीतिक अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि यदि शरद पवार कांग्रेस पार्टी से अलग होकर एनसीपी का गठन नहीं करते, तो उनका सियासी कद और बड़ा होता। उन्होंने कहा कि साल 2004 से 2009 तक मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री रहे और यदि पवार कांग्रेस के साथ ही रहते, तो यूपीए सरकार के अगले कार्यकाल में प्रधानमंत्री पद के लिए उनका नाम सबसे आगे हो सकता था। आठवले ने बताया कि खुद शरद पवार ने भी बाद में इस बात को स्वीकारा था कि वह राजनीतिक कदम उनके और उनकी पार्टी के लिए भारी नुकसानदायक साबित हुआ।

राजनीति में नहीं आना चाहती थी सोनिया गांधी

केंद्रीय मंत्री ने किताब और उस दौर के वाकयों को याद करते हुए यह भी खुलासा किया कि शुरुआत में सोनिया गांधी खुद सक्रिय राजनीति में आने के पक्ष में बिल्कुल नहीं थीं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का मानना था कि उनकी सास इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी दोनों को देश की सेवा के दौरान अपनी जान गंवानी पड़ी थी, इसलिए वे इस रास्ते पर नहीं आना चाहती थीं। हालांकि, पार्टी नेताओं के बार-बार आग्रह और समर्थन के बाद उन्होंने नेतृत्व की कमान संभाली।

Updated on:
11 Nov 2026, 12:42 PM IST
Published on: