राष्ट्रीय

Sharad Pawar: शरद पवार की सेहत में तेजी से सुधार, एकनाथ शिंदे ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात, कल मिल सकती है छुट्टी

Sharad Pawar Health Update: राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार की तबीयत में सुधार हो रहा है। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 5:09 PM IST
Sharad Pawar Health Update
शरद पवार का हाल-चाल लेते एकनाथ शिंदे। फोटो- पत्रिका

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के अध्यक्ष शरद पवार की तबीयत में सुधार हो रहा है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और स्वास्थ्य की जानकारी ली। शिंदे ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार पवार की तबीयत ठीक है और उन्हें शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। शरद पवार को कफ और कमजोरी की शिकायत के बाद पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सूखे और उससे निपटने के उपायों पर हुई चर्चा

वहां दो दिन इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल लाया गया। तभी से उनका उपचार चल रहा है। एकनाथ शिंदे के साथ शिवसेना नेता सचिन अहिर और मिलिंद देवरा भी अस्पताल पहुंचे। मुलाकात के बाद शिंदे ने बताया कि उन्होंने पवार से बातचीत की है। इस दौरान राज्य के सूखे और उससे निपटने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

डॉक्टरों ने तबीयत ठीक बताई

शिंदे ने कहा कि उन्होंने पवार से फिलहाल अस्पताल से छुट्टी लेने की जल्दबाजी नहीं करने और पूरी तरह आराम करने की बात कही है। डॉक्टरों ने भी उनकी तबीयत ठीक बताई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शरद पवार से मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि उनका यह कार्यक्रम पहले से तय नहीं था। मुख्यमंत्री ने सांसद सुप्रिया सुले को फोन कर पवार के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। उन्होंने पवार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

कई नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

शरद पवार से मिलने के लिए अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता अस्पताल पहुंच रहे हैं। गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रफुल्ल पटेल ने उनसे मुलाकात की थी। मंत्री छगन भुजबल, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जान चुके हैं। शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने भी पवार से मुलाकात की और उन्हें अपनी पुस्तक 'बोध कीर्तन' भेंट की। शेकाप नेता जयंत पाटील, विधायक राणा जगजीत सिंह पाटील और उद्योगपति गौतम अदाणी ने भी उनसे मुलाकात की।

कई नेताओं ने किया फोन

इसके अलावा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फोन कर पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी फोन पर पवार का हाल जाना। शिवसेना सांसद अनिल देसाई और उद्धव ठाकरे ने भी उनसे संपर्क कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। फिलहाल पवार की तबीयत में सुधार बताया जा रहा है। अस्पताल से छुट्टी को लेकर अंतिम फैसला डॉक्टरों की सलाह के बाद होगा।

Updated on:
6 Nov 2026, 5:09 PM IST
Published on:
Also Read
View All