
Sheikh Hasina Bangladesh Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना की घोषणा की है। हवाई मार्ग से यात्रा करने के बजाय वह सड़क मार्ग से बॉर्डर पार करने पर विचार कर रही हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, उनकी पार्टी 'बांग्लादेश अवामी लीग' के नेताओं और समर्थकों ने पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा से लगी सीमाओं पर कई चेकपॉइंट्स की रेकी भी की है।
सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि उनकी वापसी के संभावित रास्तों में पेट्रापोल-बेनापोल सीमा भी शामिल है। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित पेट्रापोल दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा लैंड पोर्ट है और यह भारत तथा बांग्लादेश के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही का एक प्रमुख केंद्र है। वहीं दूसरी ओर, बेनापोल बांग्लादेश का सबसे बड़ा लैंड पोर्ट है।
सूत्रों के मुताबिक, अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों ने पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा की सीमाओं पर मौजूद विभिन्न चेकपॉइंट्स के बारे में जानकारी जुटाई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि हसीना ने इनमें से किसी रास्ते को अंतिम रूप दिया है या नहीं।
वैध पासपोर्ट न होने की वजह से शेख हसीना के लिए किसी भी फ्लाइट में सवार होना संभव नहीं है, इसलिए सड़क मार्ग से यात्रा करने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। उनका डिप्लोमैटिक पासपोर्ट 22 अगस्त 2024 को रद्द कर दिया गया था और उनका राष्ट्रीय पहचान पत्र भी 16 फरवरी 2025 को रद्द कर दिया गया था।
जिसके बाद 9 नवंबर को लंदन स्थित लॉ फर्म के माध्यम से शेख हसीना के वकीलों ने नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग को पत्र लिखकर नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का अनुरोध किया।
वहीँ, शेख हसीना ने तारिक रहमान के नेतृत्व वाले मौजूदा बांग्लादेशी सरकार से अनुरोध किया था कि वे उन्हें ढाका वापस लाने के लिए दिल्ली एक विमान भेजें। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने जवाब दिया था कि शेख हसीना को हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।
बांग्लादेश में शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। बांग्लादेश सरकार ने उनके प्रत्यर्पण को भारत के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों में एक अहम मुद्दा बना दिया है। भारत का कहना है कि प्रत्यर्पण एक कानूनी मामला है और इससे जुड़े सभी पहलुओं पर कानून के अनुसार विचार किया जाएगा। वहीं, शेख हसीना का कहना है कि वह अपनी मर्जी से बांग्लादेश लौटने को तैयार हैं, जिससे प्रत्यर्पण की जरूरत ही नहीं रहेगी।
5 अगस्त 2024 को अपनी सरकार गिरने के बाद से भारत में रह रही शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है, जिसका बांग्लादेश के इतिहास में विशेष है। 16 दिसंबर को ही बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1971 के मुक्ति संग्राम का अंत हुआ था और पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सशस्त्र बलों और मुक्ति वाहिनी की संयुक्त कमान के सामने आत्मसमर्पण किया था, जो उस समय पूर्वी पाकिस्तान कहलाता था।