
Kishtwar SPO Killings: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या के मामले में पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं दोनों अधिकारियों के शव दुर्गम इलाके में मिले थे। उनके शरीर पर गोलियों के निशान थे। आतंकियों ने हत्या के बाद दोनों के सर्विस हथियार भी लूट लिए। उधर, कुलगाम में सीआरपीएफ की चौकी पर हुए हमले की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) की टीम भी पहुंचने वाली है।
इस हमले में स्टील कोर और कवच भेदने वाली गोलियों का इस्तेमाल होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान दल में तैनात थे। वे अपने शिविर से सेना की चौकी पर गश्त के लिए देहरना-मरवाह की ओर निकले थे। इसी दौरान लापता हो गए।
दोनों स्थानीय निवासी थे और इलाके की अच्छी जानकारी रखते थे। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन चालू मिले, लेकिन कुछ समय बाद फोन बंद हो गए। इसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह अतिरिक्त जवानों के साथ विशेष टीमों को इलाके में भेजा गया। तलाशी में ड्रोन और खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई। दोनों के शव कियार और देहरना गांवों के बीच करीब 8,858 फीट की ऊंचाई पर मिले। इस हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
अधिकारियों के मुताबिक आतंकियों ने दोनों एसपीओ की सर्विस राइफलें भी अपने कब्जे में ले लीं। इनमें एक इंसास और दूसरी .303 राइफल थी। इनके साथ मैगजीन और कुछ कारतूस भी गायब हैं। घटनास्थल से पाकिस्तान में बने स्टील कोर वाले कवच भेदने में सक्षम कारतूसों के खाली खोखे मिले हैं। इससे हमले में इस्तेमाल हथियारों को लेकर जांच की जा रही है।
शुक्रवार को कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। दुर्गम रास्तों और सड़क सुविधा नहीं होने के कारण शवों को करीब 12 से 15 किलोमीटर तक पैदल ले जाना पड़ा। दच्छन इलाके में हर मौसम में चलने लायक सड़क नहीं है। देहरना, मरवाह तहसील मुख्यालय से करीब 14 किलोमीटर दूर है। किश्तवाड़ में इस साल अब तक चार आतंकी मारे जा चुके हैं। इलाके में सुरक्षा बलों का अभियान जारी है।